logo

सियासत : नीतिश कुमार ने जदयू सदस्यता अभियान के नाम पर दस दिन में 100 करोड़ रुपए बटोरे: सुनील सिंह

sunil_sinh.jpg

रांची:

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के करीबी माने जाने वाले और पार्टी के प्रमुख स्तंभों में से एक एमएलसी डॉ. सुनील सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जदयू सदस्यता अभियान के नाम पर दस दिन में 100 करोड़ रुपए बटोरने का आरोप लगाया है। कहा कि चंदे के बहाने यह घूसखोरी की जा रही है। देश में किसी भी व्यक्ति को घूसखोरी के पैसे को चंदा में बदलने का टीप्स सीखना है तो वो नीतीश कुमार से सीख सकते हैं। सुनील सिंह ने उक्त बातें रांची में मीडिया से कही हैं। वह आज लालू यादव से मिलने रिम्स पहुंचे थे।

 

 

सुनील सिंह ने जदयू और नीतिश पर हमला करते हुए कहा कि पार्टी के विधायक इनसे संभल नहीं रहे हैं। इनके विधायकों की संख्या रोज घटती जा रही है। इससे घबरा कर नीतीश कुमार कमाई करने में जुटे हैं, ताकि गलत तरीके से पैसे के बल पर सरकार में बने रहें। सुनील सिंह लालू यादव की करीब दो घंटों तक मिले। उनसे बातचीत की। मीडिया से उन्होंने लालू यादव के स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त की। पत्रकारों को बताया कि लालू यादव की तबीयत पहले से ही खराब है। इसलिए उन्हें जेल से रिम्स में शिफ्ट किया गया है।

 

बता दें कि  चारा घोटाला मामले में सीबीआई की विशेष अदालत से लालू को दोषी करार दिया है। बीमारी के सबब उन्हें रांची के होटवार जेल से रिम्स के पेइंग वार्ड में शिफ्ट कराया गया है। शुक्रवार को जेलर ने लालू से मिलने वालों के लिए सप्ताह में सिर्फ एक दिन का समय तय किया है। अब हर शनिवार 3 लोगों को मिलने की अनुमति दी रहेगी। इसलिए बिहार के एमएलसी डॉ. सुनील सिंह उनसे मिलने रिम्स पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव के दिशा-निर्देश का पालन राजद में किया जाएगा।