logo

झारखंड : राजद प्रदेश कार्यसमिति गठित, 126 कार्यकताओं को मिली जगह

798.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार के उपमुख्यमंत्री व राजद के बड़े नेता तेजस्वी यादव के झारखंड दौरे के बाद सुस्त पड़ी राजद रेस हो गई। वर्ष 2024 के चुनाव को लेकर फिर से नेताओं को जिम्मेदारी सौंपने के साथ एकजुट करने की कवायद शुरू हो गई है। इसके तहत झारखंड में राजद के प्रदेश कार्यसमिति का गठन कर लिया गया है। इसकी जानकारी मंगलवार को रांची स्थित पार्टी कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व विधायक संजय कुमार सिंह यादव ने प्रेस कांफ्रेंस कर दी। नई प्रदेश कार्यसमिति में फिलहाल कुल 126 नेताओं व कार्यकर्ताओं को जगह दी गई है। प्रदेश अध्यक्ष के अनुसार नई कार्यसमिति में हर प्रमंडल, जिले के साथ वर्ग की भागीदारी का भी पूरा ध्यान रखा गया है। वहीं, माननीय की सूची में 9 लोगों को शामिल किया गया है। जिसमें जय प्रकाश नाराय यादव (पूर्व केंद्रीय मंत्री सह झारखंड प्रभारी), संजय कुमार सिंह यादव (प्रदेश अध्यक्ष), संजय प्रसाद यादव (प्रधान महासचिव), राज्य सरकार में मंत्री सत्यानंद भोक्ता, सुभाष प्रसाद यादव, घुरन राम, कामेश्वर बैठा, सुरेश पासवान और राधा कृष्ण किशोर शामिल हैं। कार्यसमिति से संबंधित जानकारी देने के लिए आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में संजय प्रसाद यादव, सुभाष यादव, अनीता यादव और पार्टी प्रवक्ता मनोज कुमार आदि उपस्थित थे।

34 प्रदेश महासचिव बनाए गए

नई कार्यकारिणी समिति में प्रदेश उपाध्यक्ष की लिस्ट में 8 लोगों को जगह दी गई है। जबकि, 34 प्रदेश महासचिव बनाए गए हैं। प्रदेश सचिव में 42 लोगों को शामिल किया गया है। जबकि, कार्यसमिति सदस्य में 32 नेताओं को शामिल किया गया है। वहीं, सोशल मीडिया प्रभारी रांची के अंजल किशोर सिंह को बनाया गया है।