नंदलाल तुरी
पाकुड़ नगर के तांतीपाड़ा रोड स्थित वार्ड नंबर 10 में सड़क एवं नाली की स्थिति अत्यंत जर्जर बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब 10 वर्ष पूर्व इस सड़क का निर्माण किया गया था, लेकिन वर्तमान में सड़क की हालत काफी खराब हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह पत्थर उखड़ गए हैं, जिससे आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। यह सड़क पाकुड़ शहर की मुख्य सड़क के बाद एकमात्र बायपास मार्ग है, जहां से चार पहिया, तीन पहिया और दो पहिया वाहनों का नियमित आवागमन होता है। सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
मोहल्ले की नाली व्यवस्था भी बदहाल है। एक तरफ बनी नाली की पिछले दो वर्षों से सफाई नहीं हुई है, जबकि दूसरी ओर नाली पर ढक्कन नहीं है। खुली नालियों से दुर्गंध फैल रही है, जिससे मोहल्लावासियों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाली खुली रहने के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। मोहल्लावासियों ने आरोप लगाया कि वे मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं, लेकिन अब तक जनप्रतिनिधियों द्वारा इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। नगर निकाय चुनाव के संबंध में पूछे जाने पर स्थानीय लोगों ने बताया कि जो भी उम्मीदवार मोहल्ले की सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए कार्य करेगा, मोहल्लावासी आपसी सहमति से उसी उम्मीदवार को मतदान करेंगे।
