द फॉलोअप डेस्क
नए साल में संताल परगना को 5 रेल लाइन की सौगात मिलने वाली है। इसके साथ नए साल में देवघर, जसीडीह, मधुपुर, गोड्डा, दुमका होकर 7 नयी ट्रेनें गुजरने वाली हैं। इससे ना सिर्फ प्रमंडलवासियों को आवागमन में सुविधा होगी बल्कि कम खर्च में सुरक्षित यात्रा भी लोग कर सकेंगे। भाजपा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे (Dr. Nishikant Dubey) ने कहा है कि नए साल के पहले दिन यानि कि 1 जनवरी को गोड्डा-पिरपैंती रेल लाईन का शिलान्यास भी किया जा सकता है। रेलवे की ओर से इसको लेकर तैयारी शुरू कर दी गयी है।

जसीडीह रेलवे स्टेशन में बायपास का काम होगा शुरू
इस बात की जानकारी देते हुए भाजपा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने बताया कि साल 2024 में चितरा-बासुकीनाथ रेल लाईन का काम शुरू हो जाएगा। इस काम के लिए 13 किलोमीटर पुसाला तक के लिए टेंडर की प्रक्रिया भी पूरी की जा चुकी है। यह काम जल्द शुरू होने वाला है। वहीं नए साल के पहले दिन यानि कि 1 जनवरी को गोड्डा-पिरपैंती रेल लाईन का शिलान्यास भी किया जा सकता है। रेलवे की ओर से इसको लेकर तैयारी शुरू कर दी गयी है। वहीं जसीडीह रेलवे स्टेशन में बायपास का काम शुरू कर दिया गया है। साथ ही मधुपुर बायपास के लिए भी टेंडर की प्रक्रिया हो चुकी है। यह भी नई लाईन बनेगी। सांसद डॉ. दुबे ने बताया कि इस क्षेत्र को आने वाले समय में पांच से छह नयी रेल लाईनें मिलने जा रही हैं। उससे इस इलाके से होकर अधिक से अधिक ट्रेनें गुजर सकेंगी।

जसीडीह स्टेशन का होगा कायाकल्प
भाजपा सांसद ने आगे कहा कि ट्रेनें बढ़ने से यात्रियों की सुविधाएं भी बढ़ेंगी। स्टेशनों का विकास भी हो सकेगा। आने वाले वर्ष साल में देवघर, जसीडीह, मधुपुर, दुमका, गोड्डा होकर 7 नयी ट्रेनें गुजरेंगी। नयी ट्रेनों का परिचालन होने से यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचना आसान होगा। वहीं नये साल में देवघर और मधुपुर में वॉशिंग पिट का काम भी शुरू हो जाएगा। इससे भी इस इलाके को बड़ा फायदा होगा। नये साल में जसीडीह स्टेशन का भी कायाकल्प होना है।