logo

आज झारखंड के राज्यपाल के रूप में शपथ लेंगे संतोष गंगवार

ganga5.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड के नये राज्यपाल संतोष गंगवार बुधवार को आज शपथ लेंगे। राजभवन में सुबह 9.45 बजे झारखंड उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश सुजीत नारायण प्रसाद संतोष गंगवार को शपथ दिलायेंगे। मंगलवार की शाम एयरपोर्ट से संतोष गंगवार सीधे राजभवन पहुंचे। इससे पहले संतोष गंगवार को रांची पहुंचने पर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वागत किया। एयरपोर्ट पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।इस दौरान झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो, मंत्री रामेश्वर उरांव, बन्ना गुप्ता, बैद्यनाथ राम और मिथिलेश ठाकुर समेत कई लोग मौजूद रहे। राज्यपाल संतोष गंगवार के साथ उनके पुत्र अपूर्व, पुत्री श्रुति भी रांची पहुंचे हैं। बता दें कि 28 जुलाई को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के कई राज्यों में राज्यपाल की नियुक्ति की। इस बाबत अधिसूचना जारी की गई। जिसमें संतोष गंगवार को झारखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया। वहीं झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को महाराष्ट्र का राज्पाल बनाया गया।


कौन हैं संतोष गंगवार
बता दें 75 वर्षीय संतोष गंगवार बरेली (उत्तर प्रदेश) के रहनेवाले हैं। बरेली से आठ बार सांसद रहे संतोष गंगवार केंद्र में श्रम व रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सहित वित्त राज्य मंत्री, कपड़ा राज्य मंत्री व पेट्रोलियम राज्य मंत्री रह चुके हैं। संसदीय कार्य राज्य मंत्री भी रहे हैं। 1996 में ये उत्तरप्रदेश भाजपा के महासचिव भी थे। इसके अलावा कार्यसमिति के सदस्य भी रह चुके हैं।  बरेली में इनकी ख्याति विकास पुरुष के रूप में है। ये बरेली में शहरी को-ऑपरेटिव बैंक के चेयरपर्सन भी रह चुके हैं। इन्होंने बीएससी और एलएलबी की डिग्री आगरा विवि तथा महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखंड विवि से प्राप्त की. देश में इमरजेंसी के दौरान ये जेल भी जा चुके हैं।