logo

सरायकेला में मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ा एक्शन; अवैध बूचड़खाना सील, दो गायें मुक्त

Screenshot_2026-05-16_144005.png

सरायकेला
सरायकेला खरसावां जिले के  कपाली  ओपी क्षेत्र में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। जिसमें मवेशियों की तस्करी और अवैध मांस कारोबार की लगातार मिल रही शिकायतों पर सरायकेला प्रशासन ने कड़ा एक्शन लिया है। कपाली ओपी क्षेत्र में चांडिल एसडीएम के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ ताबड़तोड़ छापेमारी की गई, जिसमें एक अवैध बूचड़खाने को सील करने के साथ-साथ कई संदिग्ध ठिकानों की जांच की गई। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा।अवैध बूचड़खाने पर छापेमारी, दो गायें जब्त
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) विकास कुमार राय के नेतृत्व में की गई। यह अभियान जिले के उपायुक्त के निर्देश पर चलाया गया। हाल ही में मवेशियों से भरा एक वाहन पकड़े जाने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और कई स्थानों पर औचक निरीक्षण व छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान रहमत नगर निवासी ताई कुरैशी के परिसर में संचालित एक अवैध बूचड़खाने से दो गायों को जब्त किया गया। जब्त पशुओं को सुरक्षित स्थान (गौशाला) भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, संबंधित प्रतिष्ठान को कपाली नगर परिषद द्वारा सील कर दिया गया। एसडीएम विकास कुमार राय ने बताया कि प्रशासन को लगातार अवैध बूचड़खानों और कथित मांस कारोबार से जुड़ी शिकायतें मिल रही थीं। इसी के मद्देनज़र संयुक्त अभियान चलाया गया। जांच के दौरान एक लाइसेंसी बूचड़खाना भी मिला, जिसके दस्तावेजों की जांच की गई और संचालक को नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया।

अवैध संचालन करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
उन्होंने बताया कि कई स्थान बंद मिले, जहां संचालकों द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। ऐसे मामलों में सीलिंग की कार्रवाई की गई है। एसडीएम ने चेतावनी दी कि भविष्य में अवैध रूप से बूचड़खाना संचालित करते पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अचानक हुई इस प्रशासनिक कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। वहीं, अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में भय का माहौल देखा जा रहा है।
 

Tags - Jharkhand News Seraikela Kapali Illegal Slaughterhouse Cattle Smuggling