logo

सरायकेला पुलिस ने अपराधी 'छोटा सज्जाद' को किया गिरफ्तार, लोडेड पिस्टल और देशी कट्टा बरामद

saraikela1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस ने अवैध हथियार रखने और गंभीर आपराधिक घटनाओं की योजना बनाने वाले एक शातिर अपराधी को पकड़ने में बड़ी सफलता पायी है। पुलिस ने कपाली और आजादनगर क्षेत्र के कुख्यात अपराधी मो सज्जाद अंसारी उर्फ छोटा सज्जाद को अवैध लोडेड पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस को 3 अक्तूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि शातिर अपराधी छोटा सज्जाद कपाली ओपी अंतर्गत सतलल्ला रेलवे लाइन, डांगोडीह के पास बैठा है और किसी गंभीर घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। जिसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चाण्डिल के निर्देशन पर छापेमारी टीम का गठन किया गया और सतलल्ला रेलवे लाइन, डांगोडीह, कपाली में छापेमारी की गई। जहां से कपाली गांव के ही मो सज्जाद अंसारी (28 वर्ष), पिता- मो शहीद अंसारी को अवैध लोडेड पिस्टल के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। 
गिरफ्तार अपराधी की निशानदेही पर पुलिस ने एक और अवैध लोडेड देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने अपराधी के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस ने जानकारी दी है कि गिरफ्तार अपराधी मो सज्जाद अंसारी उर्फ छोटा सज्जाद का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध चांडिल (कपाली ओपी) और मानगो (आजादनगर) थाना में पहले से ही डकैती, लूट, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं के तहत कई मामले दर्ज किये जा चुके हैं।
फ़िलहाल पुलिस ने अपराधी के विरुद्ध आयुध अधिनियम (Arms Act) के तहत नया कांड संख्या 160/2025 दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand latest news jharkhand updateseraikela-kharsawan news crime news seraikela police news