द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के टेढ़वा पूल श्मशान के पास से पुलिस ने एक नवजात बच्चे का कटा हुआ सिर बरामद किया है। जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। हालांकि उसका अब तक धड़ बरामद नहीं किया जा सका है। नवजात का केवल कटा हुआ सिर मिलने से लोग तरह-तरह की आशंका जता रहे हैं। .jpeg)
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत कटे हुए सिर को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने जानकारी दी कि प्रथम दृष्टया बरामद सिर तीन से चार दिन के नवजात का प्रतीत होता है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया है। जानकारी मिली है कि पास में एक श्मशान घाट है, जिससे लोगों में यह अभी आशंका है कि यह तंत्र-मंत्र का मामला हो सकता है। पुलिस श्मशान घाट, झाड़ियों तथा नदी किनारों की तलाशी कर रही है।
वहीं टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है, धड़ को बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आगे बताया कि पुलिस पूरे इलाके के अस्पताल का डाटा खंगाल रही है कि पिछले तीन से चार दिनों में कितने बच्चों का जन्म हुआ है और वह फिलहाल कहां हैं। सिर को कब्जे में रख लिया गया है, धड़ बरामद होने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और पूरे मामले में एफआईआर दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।