logo

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने दिव्यांगजनों के बीच व्हीलचेयर और उपकरण वितरित किये

SHILPY0000.jpg

रांची
राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत चान्हो प्रखंड के पंडरी पंचायत सचिवालय परिसर में सोमवार को कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने पंडरी, बलसोकरा और पतरातु पंचायत के 222 दिव्यांग लाभुकों के बीच व्हीलचेयर समेत अन्य सहायक उपकरणों का वितरण किया।
मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के हर जरूरतमंद व्यक्ति तक योजना का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन सरकार की विशेष प्राथमिकता में हैं, इसलिए उनके जीवन को आसान बनाने के लिए लगातार योजनाएं लागू की जा रही हैं।


उन्होंने बताया कि मांडर विधानसभा क्षेत्र के अन्य हिस्सों में भी इस योजना के लाभुकों को उपकरण दिए गए हैं। “इस योजना का मकसद दिव्यांगजनों के चेहरे पर मुस्कान लाना और उनकी मुश्किलें कम करना है,” उन्होंने कहा।
मंत्री ने मौके पर यह भी आश्वासन दिया कि पंडरी पंचायत में मैरेज हॉल निर्माण का वायदा जरूर पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना ही उनकी प्राथमिकता है।
कृषि मंत्री ने किसानों से अपील की कि चक्रवात से फसल नुकसान की सूचना वे टोल फ्री नंबर 14447 पर दें। जिन किसानों ने बिरसा फसल बीमा योजना के तहत निबंधन कराया है, उन्हें बीमा कंपनी द्वारा आकलन कर मुआवजा दिया जाएगा। वहीं, जिन्होंने बीमा नहीं कराया है, वे आपदा प्रबंधन विभाग के तहत मुआवजे के लिए जरूरी कागजी प्रक्रिया पूरी करें।


मतदाता सूची सत्यापन पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि BLO द्वारा SIR की प्रक्रिया शुरू की गई है, इसलिए मतदाता अपने नाम की जांच जरूर कर लें। जिनका नाम वर्ष 2003 या 2024 की वोटर लिस्ट में नहीं है, वे आवश्यक दस्तावेज BLO को उपलब्ध कराएं।
कार्यक्रम में मोहम्मद इस्तियाक, पार्वती उरांव, तजमूल अंसारी, चंद्रमोहली पांडेय, हुसैन अंसारी, हबीबुल्ला अंसारी, मंडलेश्वर उरांव, इरशाद अंसारी, जुल्फेकार अली, जयनाथ भगत, ऐनुल अंसारी, अफरोज अंसारी, अविनाश कुमार, इरशाद खान, विनीता उरांव और पार्वती उरांव मौजूद थे।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News