द फॉलोअप डेस्क
झारखंड कांग्रेस में संगठन सृजन का दौरा चल रहा है। इसी क्रम में नग़ड़ी में मांडर विधानसभा क्षेत्र के PCC डेलीगेट्स, प्रखण्ड अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, मंच मोर्चा अध्यक्ष और पंचायत अध्यक्षों की विशेष बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सह पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की मौजूद रहीं। इस मौके पर कांग्रेस के पदाधिकारियों को सम्मानित करने, नई जिम्मेवारियों का बोध कराने के साथ- साथ नई जिम्मेवारी भी सौंपी गई। मांडर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत राजनीतिक रूप से काम-काज को देखने के लिए विभागवार नियुक्ति पत्र का वितरण किया गया। मांडर विधानसभा क्षेत्र में पंचायत स्तर पर मंच मोर्चा सेवा दल के गठन का दौर अंतिम चरण में है, ज्यादातर पंचायतों में संगठन निर्माण का कार्य पूरा कर लिया गया है।
इस मौके पर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सह पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने कहा कि अगर राजनीति के दंगल मंद विपक्षी दल को पटखनी देना हो, तो संगठन को मजबूत बनाना होगा। संगठन की मजबूती समर्पित कार्यकर्ताओं से ही संभव है। इस लिए प्रखण्ड से लेकर पंचायत तक संगठन के ढांचा को मजबूत बनाना होगा। मांडर विधानसभा सीट पर विपक्ष के लाख षडयंत्र के बाद भी अगर कांग्रेस की जीत हुई है तो ये कार्यकर्ताओं की देन है। कांग्रेस ने जिला अध्यक्ष से लेकर पंचायत अध्यक्ष तक को सांगठनिक ताकत देने की घोषणा की है। ऐसे में संगठन के पदाधिकारियों को अपनी जिम्मेवारी को समझना होगा। बंधु तिर्की ने कहा कि कांग्रेस संगठन में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी है। संगठन में महिलाओं को भी उचित मान सम्मान और काम करने का मौका दिया जा रहा है। संगठन में पद पर रहते हुए जो अच्छा काम करेंगे, वो आगे बढ़ेंगे और जो शिथिल पड़ जाएंगे, वो पीछे छूट जाएंगे। उनकी जगह दूसरों को काम करने का मौका दिया जाएगा।
देश के लोकप्रिय नेता सह लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सामाजिक लड़ाई को मजबूती प्रदान करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उनका मानना है कि जातिगत जनगणना के आधार पर समाज में समानता लाई जा सकती है। इस लिए उन्होंने जिसकी जितनी भागीदारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी का नारा दिया है। बीजेपी भले ही जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांटने की कोशिश कर ले, पर वो कभी सफल नहीं होंगे। बीजेपी संविधान को कमजोर करने के लिए हर दिन नया दांव खेल रही है। इससे सचेत रहने की जरूरत है वरना बोलने खाने धर्म को चुनने की आजादी छीन जाएगी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक काम काज के लिहाज से आज विभागवार जो नियुक्ति पत्र दिया गया है ये जनता की समस्याओं का समय पर समाधान करने के लिए है। कांग्रेस के पदाधिकारियों को अपनी ईमानदार भूमिका के लिए खुद तैयार करना होगा। इस मौके पर कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि आप सभी लोगों के सहयोग और परिश्रम से चुनाव जीतने में सफल रहीं हूं। ही आशीर्वाद से गठबंधन वाली सरकार में मंत्री बनने का मौका मिला है। आज संगठन की जिम्मेवारी और सरकार की जिम्मेवारी का निर्वहन साथ-साथ कर रही हूं।
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि पार्टी पदाधिकारियों को पहले से ज्यादा मेहनत और सहयोग करना होगा। बेहतर तालमेल और सूझबूझ के आधार पर मांडर का सर्वांगीण विकास संभव है। सरकार की योजना चाहे वो सड़क निर्माण से जुड़ी हो या तालाब के जीर्णोद्धार की या फिर सरना-मसना के घेराबंदी की। मांडर की जनता से जुड़ी हुई हर एक परेशानी का समय रहते समाधान होगा। मांडर का विधायक रहते हुए सरकार की अधिक से अधिक योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम किया है। अब मंत्री पद का दायित्व निभाते हुए विकास की इस कड़ी को और तेजी के साथ आगे बढ़ाना है। संगठन में महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा मौका मिलना चाहिए। महिलाएं संगठन के मोर्चे पर बेहतर काम कर रहीं है। मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि आज देश में जातिगत जनगणना की बात जरूर हो रही पर सरना धर्म कोड की बात कोई नहीं कर रहा। सरना धर्म कोड को लेकर केंद्र सरकार की नियत सही नहीं है। साल 2016 के बाद जातिगत जनगणना से सातवां कॉलम हटा दिया गया। ये सही नहीं है, हमें हर हाल में सातवां कॉलम चाहिए। आज देश में RSS के लोग एक साजिश के तहत कम पढ़े लिखे लोगों के बीच संविधान की गलत व्याख्या कर रहे है। संविधान को जान बूझकर गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। ऐसे में समय झूठ प्रपंच के खिलाफ खुल कर बोलने और विरोधियों की पोल खोलने का है। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को जनता की लड़ाई का मोर्चा खुद संभालना होगा।