logo

घर वापसी कार्यक्रम : शिव कुमार भगत समर्थकों के साथ कांग्रेस में हुए शामिल, केशव महतो ने किया स्वागत 

CONG888888888.jpg

रांची
झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में गुरुवार को कांग्रेस भवन, रांची में “घर वापसी कार्यक्रम” आयोजित किया गया। इस मौके पर गुमला जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व प्रदेश महासचिव शिव कुमार भगत ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में उन्हें माला और पार्टी की अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि “राहुल गांधी का वोट चोरी रोकने का अभियान देशभर के युवाओं को कांग्रेस से जोड़ रहा है। पिछले 11 सालों से देश में संविधान को कमजोर करने और संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बनाने की कोशिशें हो रही हैं, जिसके खिलाफ अब युवा वर्ग भी मजबूती से खड़ा हो रहा है।”


उन्होंने कहा कि समाज के वंचित और पिछड़े तबके की आवाज कांग्रेस हमेशा उठाती रही है और जननायक आज भी उसी संघर्ष को आगे बढ़ा रहे हैं। केशव महतो कमलेश ने आगे कहा, “जब वंचित वर्ग राजनीति में आता है, तो एक नई सोच और ऊर्जा लेकर आता है। भाजपा की कार्यशैली के कारण आज हर तबका उससे असंतुष्ट है। कांग्रेस इस देश के मजलूमों और वंचितों की आवाज है, और इस आवाज को दबाने की किसी भी कोशिश को जनता करारा जवाब देगी।”
इस मौके पर लोकसभा सदस्य कालीचरण मुंडा, प्रदेश महासचिव सह मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, महासचिव सुरेन्द्र सिंह, अभिलाष साहू, राजन वर्मा, राकेश किरण महतो समेत कई पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।


 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News