logo

कांग्रेस नेता को कारण बताओ नोटिस, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह पर सार्वजनिक आरोपों को लेकर विवाद

congress35.jpg

रांची

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी में अंदरूनी मतभेद एक बार फिर सतह पर आ गए हैं। अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष  केदार पासवान को पार्टी की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यह नोटिस उस विवादास्पद बयान के बाद जारी किया गया जिसमें उन्होंने राज्य की मंत्री  दीपिका पांडेय सिंह पर गंभीर आरोप लगाए थे।
पार्टी द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि  पासवान ने एक सार्वजनिक मंच से मंत्री पर आरोप लगाया कि वह दलित समुदाय का पक्ष नहीं लेतीं और उनसे जुड़े मुद्दों पर कोई कार्रवाई नहीं करतीं। कांग्रेस ने इन आरोपों को "अनर्गल बयानबाजी" करार देते हुए कहा है कि इस तरह की भाषा और व्यवहार न केवल उनके पद की गरिमा के विरुद्ध है, बल्कि पार्टी के भीतर अनुशासन और एकता को भी नुकसान पहुंचाते हैं।


पार्टी के प्रदेश मुख्यालय से जारी नोटिस में  पासवान को निर्देश दिया गया है कि वह नोटिस प्राप्त होने के दो दिनों के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण दें कि उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों न की जाए।
बताया जा रहा है कि पार्टी आलाकमान इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से ले रहा है और अनुशासन समिति इस पर नज़र बनाए हुए है। इस घटनाक्रम ने झारखंड कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान को एक बार फिर उजागर कर दिया है, जहां संगठनात्मक अनुशासन और सार्वजनिक बयानों के बीच संतुलन बनाना पार्टी के लिए चुनौती बनता जा रहा है।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News