logo

रेलवे की लेटलतीफी पर साकची में हस्ताक्षर अभियान, सरयू राय बोले- शांतिपूर्ण आंदोलन को कमजोरी न समझे

jam_rail_ray.jpg

जमशेदपुर 
टाटानगर होकर गुजरने वाली ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी और यात्री सुविधाओं की बदहाली के खिलाफ रेल यात्री संघर्ष समिति का आंदोलन अब तेज होता जा रहा है। रविवार को साकची गोलचक्कर पर आयोजित हस्ताक्षर अभियान में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने रेलवे पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन को रेलवे कमजोरी समझने की भूल न करे। जरूरत पड़ी तो आंदोलनकारी रेल ट्रैक पर बैठने से भी पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि रेलवे खुद अपने नियम-कानूनों को ठेंगा दिखा रहा है। सरयू राय ने सवाल उठाया कि आखिर किसके आदेश पर यात्री ट्रेनों को घंटों खड़ा कर मालगाड़ियों को प्राथमिकता दी जा रही है।

प्रतिनिधिमंडल रेल मंत्री से भी मिलेगा

उन्होंने कहा कि देशभर में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार हुआ, लेकिन टाटानगर जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन की लगातार उपेक्षा की जा रही है। सरयू राय ने कहा कि यह सिर्फ राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि आम यात्रियों की रोजमर्रा की परेशानी का सवाल है। लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं और रेलवे जवाबदेही से बच रहा है। वहीं रेल यात्री संघर्ष समिति के संयोजक शिव शंकर सिंह ने कहा कि आंदोलन को लगातार जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि 18 मई को बर्मामाइंस, 19 मई को मानगो और 24 मई को घाटशिला में हस्ताक्षर अभियान चलाया जायेगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भी पूर्वी सिंहभूम के विभिन्न इलाकों से लोग ट्रेनों की लेटलतीफी के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। जरूरत पड़ी तो प्रतिनिधिमंडल रेल मंत्री से भी मिलेगा। अभियान में शामिल वक्ताओं ने भी रेलवे की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

चक्रधरपुर मंडल पर भ्रष्टाचार के आरोप

सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि यह आंदोलन यात्रियों की आवाज को मजबूती देगा। कन्हैया सिंह ने कहा कि रेलवे आंदोलन को हल्के में ले रहा है, जो उसकी बड़ी भूल साबित हो सकती है। सतीश सिंह ने चक्रधरपुर मंडल पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए, जबकि अजय कुमार ने कहा कि रेलवे को ट्रेनों का समय पालन सुनिश्चित करना ही होगा। उषा यादव ने कहा कि ट्रेनों की लेटलतीफी सबसे अधिक आम यात्रियों को प्रभावित कर रही है। कुलविंदर सिंह पन्नू ने मालगाड़ियों को प्राथमिकता देने की नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि यात्री ट्रेनों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जा सकती। इस दौरान विधायक सरयू राय समेत कई सदस्यों ने राहगीरों के बीच पर्चे बांटे और क्यूआर कोड स्कैन कर अपनी शिकायत दर्ज कराने की अपील की। कार्यक्रम के संचालन में नीरज सिंह और सुनील सिंह की सक्रिय भूमिका रही, जबकि धन्यवाद ज्ञापन विवेक पांडेय ने किया।

Tags - Tatanagar Train Delay Protest Sakchi Signature Campaign Saryu Rai Statement Indian Railways Delay Issue Railway Mismanagement Allegations