logo

सिमडेगा डीसी की पहल, विशेष टूर पैकेज से पर्यटन को नई पहचान, स्थानीय रोजगार को बढ़ावा

hjklmgil.jpg

द फॉलोअप डेस्क
सिमडेगा के पर्यटन स्थलों को नई पहचान दिलाने की दिशा में उपायुक्त कंचन सिंह की पहल अब धरातल पर उतरती हुई दिखाई दे रही है। लातेहार टूरिज्म ने सिमडेगा जिले के प्राकृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों को जोड़ते हुए एक विशेष टूर पैकेज की शुरुआत की है। इस पहल से न केवल जिले के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
लातेहार टूरिज्म द्वारा तैयार यह विशेष टूर पैकेज पर्यटकों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और स्थानीय अनुभवों से भरपूर यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। इस योजना को उपायुक्त कंचन सिंह ने पूर्व में धरातल पर उतारने का प्रयास किया था, जो अब साकार होता नजर आ रहा है। यह विशेष टूर पैकेज तीन दिनों का होगा, जिसकी शुरुआत रांची से होगी और समापन भी रांची में ही किया जाएगा। इस पैकेज के अंतर्गत पर्यटकों को वाहन, आवास, अनुभवी चालक और स्थानीय गाइड की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। कंपनी का उद्देश्य है कि पर्यटक सिमडेगा की प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ यहां की संस्कृति, परंपरा और स्थानीय जीवनशैली से भी परिचित हो सकें।

यात्रा के दौरान पर्यटकों को ऐतिहासिक बीरूगढ़ के अवशेष, मुनि गुफा, 12वीं शताब्दी के सूर्य मंदिर, कुडरूम स्थित प्राचीन मंदिरों के अवशेष और केलाघाघ डैम का भ्रमण कराया जाएगा। इसके बाद पर्यटकों का रात्रि विश्राम सिमडेगा में होगा। दूसरे दिन रामरेखा धाम, बसतपुर, डाडींग जलप्रपात और कैरबेड़ा डैम का भ्रमण कराया जाएगा। इस दिन भी पर्यटकों का रात्रि विश्राम सिमडेगा में ही रखा गया है। अंतिम दिन पर्यटकों को पालकोट वन्यजीव अभयारण्य और ऐतिहासिक नवरत्नगढ़ किले का भ्रमण कराया जाएगा। भ्रमण के उपरांत शाम करीब सात बजे तक पर्यटकों को सुरक्षित रूप से रांची रेलवे स्टेशन पहुंचाया जाएगा। यह विशेष टूर पैकेज सिमडेगा को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

Tags - Latest jharkhand News Jharkhand News Updates Latest Jharkhand News jharkhand News Updates latest Updates Jharkhand Simdega Updates latest Simdega news Simdega News Simdega news Updates latest Simdega News Simdega News Updates Jharkhand news Upd