द फॉलोअप डेस्क
गोड्डा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गोड्डा पुलिस ने आज एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक गांजा तस्कर को 8 किलो गांजे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी गांजा लेकर मोटरसाइकिल से महागामा की ओर जा रहा था। .jpeg)
वहीं गोड्डा पुलिस अधीक्षक को आज सुबह गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति SP Shine मोटरसाइकिल पर गांजा लेकर बसंतराय से कर्कटडीह होते हुए महागामा की ओर जाने वाला है। इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए, एसपी के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महागामा के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।
टीम मनियामोड से कर्कटडीह जाने वाले रास्ते पर छिपकर इंतजार करने लगी। दिन के करीब 9:30 बजे, पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति को मनियामोड की ओर आते हुए देखा। उसके बाद रुकने का इशारा किया गया, लेकिन मोटरसाइकिल चालक ने गाड़ी घुमाकर भागने का प्रयास किया, जिसे तत्परता दिखाते हुए बल के सहयोग से पकड़ लिया।
तलाशी में मिले ये सामान
तलाशी में मोटरसाइकिल पर बंधे झोले को खोला गया तो उसमें लगभग पाँच किलो गांजा पाया गया। इसके अतिरिक्त, मोटरसाइकिल की डिक्की से तीन किलो गांजा और सीट के नीचे छिपाकर रखी गई गुप्ती (लोहे का चाकू) भी बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने कुल 8 किलो गांजा, मोटरसाइकिल और गुप्ती को ज़ब्त कर लिया है।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान बब्लु साह (उम्र करीब 50 वर्ष), पिता-सुखदेव साह, निवासी-कोरियाना, थाना-बसंतराय, जिला-गोड्डा के रूप में की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। और गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद मंडल कारा भेजा जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।