logo

छठ कर रही मां के लिए घाट की सफाई करने गया था बेटा, नदी में डूबने से हुई मौत

death_661.jpg

जमशेदपुर 

सरायकेला-खरसावां जिले से छठ के शुभ दिन एक बुरी खबर आ रही है। खबर है कि एक युवक छठ कर रही मां के लिए घाट की सफाई करने गया था। इसी बीच नदी में डूबने से उसकी मौत हो गयी। युवक अपने कुछ दोस्तों को लेकर घाट पर मां की पूजा के लिए सफाई करने गया था। ये छठ घाट जिले के कुलुपटांगा इलाके में है। घाट पर मौजूद लोगों ने बताया कि घाट की सफाई करने के बाद युवक नदी में नहाने के लिए उतरा। इसी दौरान में नदी में डूब गया। लोगों उसकी जान बचाने के लिए शोर मचाते रहे, लेकिन कोई आगे नहीं आया। कुछ ही देर में पानी में दम घुटने से उसकी मौत हो गयी। इस दौरान युवक की मां घर में छठ के अनुष्ठान पूरा कर रही थी। मृतक युवक का नाम कुंदन है। 

प्रशासन ने घाट पर गोताखोर रखने की घोषणा की थी 

हालांकि जिला प्रशासन ने इलाके के छठ घाटों पर गोताखोर रखने की घोषणा की थी। लेकिन युवक के डूबने के समय घाट पर कोई गोताखोर नहीं था। इससे लोगों में प्रशासन के प्रति आक्रोश है। घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों के सहयोग से युवक को नदी से बाहर निकाला गया। लेकिन तबतक उसकी जान जा चुकी थी। कुछ देर के बाद आरआईटी थाना प्रभारी सागर लाल महथा घाट पर पहुंचे। स्थानीय लोगों औऱ पुलिस की मदद से युवक को टीएमएच ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक कुंदन की उम्र 23 साल बताई जाती है। 

बालू माफिया पर आरोप 
इधर, स्थानीय लोग इस हृदय विदारक घटना के लिए इलाके के कुछ बालू माफिया को जिम्मेदार बता रहे हैं। बालू माफिया ने रेत निकालने के लिए नदी में अवैध रूप से जहां-तहां खुदाई कर दी है। इससे नदी में कई बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं। युवक की मौत इन्हीं गड्ढों में से किसी एक में डूबने से हुई है। इसके साथ ही इलाके में कम बारिश होने के कारण खरकई नदी में पानी का स्तर नीचे चला गया था। जिला प्रशासन ने छठ पर्व को देखते हुए नदी में बराज से पानी छोड़ा था। इस कारण नदी का जल स्तर बढ़ा हुआ था। युवक को शायद इस बात की जानकारी नहीं थी।