logo

पाकुड़ : ऑटो-ई-रिक्शा चालकों के लिए विशेष कैंप का आयोजन, रजिस्ट्रेशन में अड़चन बनी कागजात की कमी

daytbe.jpg

नंदलाल तुरी
पाकुड़ जिला ऑटो-ई-रिक्शा ऑनर्स/चालक एसोसिएशन की विशेष मांग पर सोमवार को जिला परिवहन पदाधिकारी मिथिलेश कुमार चौधरी के नेतृत्व में रेलवे ऑटो स्टैंड परिसर में एक दिवसीय विशेष कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप का उद्देश्य ऑटो-ई-रिक्शा का रजिस्ट्रेशन, चालकों के नए ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना और पुराने लाइसेंस में सुधार करना था। इस अवसर पर जिला पथ सुरक्षा पदाधिकारी रितेश कुमार, मोटर यान निरीक्षक कार्यालय से सूरज कुमार, अमित कुमार, अजहद अंसारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। कैंप में पाकुड़ के अलावा हिरणपुर, महेशपुर और लिट्टीपाड़ा प्रखंडों से भी ऑटो-ई-रिक्शा चालक एवं मालिक बड़ी संख्या में पहुंचे।
पथ सुरक्षा पदाधिकारी रितेश कुमार ने उपस्थित चालकों एवं मालिकों को लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन और संबंधित दस्तावेजों की जानकारी दी। साथ ही सभी को निर्धारित ड्रेस कोड के बारे में भी जानकारी दी गई। हालांकि, कागजात की कमी के चलते कैंप में किसी का भी रजिस्ट्रेशन या लाइसेंस संबंधी कार्य नहीं हो पाया। एसोसिएशन के अध्यक्ष हिसाबी राय ने इस मौके पर बताया कि जिले में कई ऐसे ऑटो-ई-रिक्शा शोरूम हैं, जो अपने ग्राहकों को पूरे दस्तावेज नहीं दे रहे हैं और रजिस्ट्रेशन के नाम पर मोटी रकम वसूलते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे शोरूम को चिन्हित कर उनके खिलाफ उपायुक्त, परिवहन सचिव और परिवहन आयुक्त को शिकायत सौंपी जाएगी।
एसोसिएशन के सचिव अनिकेत गोस्वामी ने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के आलोक में काम किया जा रहा है। सभी चालक अपने निर्धारित ड्रेस कोड के अनुसार वर्दी तैयार कर रहे हैं और तय तिथि से वह वर्दी में नजर आएंगे। आज के कैंप में जिले के विभिन्न प्रखंडों से दर्जनों ऑटो-ई-रिक्शा चालक एवं मालिक उपस्थित रहे। इनमें प्रमुख रूप से मोनी कुमार सिंह, शब्बीर हुसैन, सुशील साहा, सादेकुल शेख, हसीबुल शेख, राहुल रजक, शुभंकर सरकार, बलराम हरिजन, महावीर सरकार, मोनु भगत, मनोज मंडल, छोटू भगत, दिलवर हुसैन, कालू शेख और मोहम्मद अलीम शेख आदि शामिल थे।



 

Tags - Latest pakur News pakur news updates pakur updates bajar tand pakur latest pakur News pakur News in Hindi pakur Updates pakur news in hindi