logo

कराईकेला में रफ्तार का कहर, स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने टक्कर, 2 युवकों की मौत

sdthwn.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पश्चिमी सिंहभूम जिले के कराईकेला थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई। यह हादसा रांची-चाईबासा मुख्य मार्ग एनएच-75 (ई) पर कराईकेला पानी टंकी और पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। जानकारी के अनुसार, बनमालीपुर गांव निवासी महेश पुर्ती अपने रिश्तेदार कोलचकड़ा गांव निवासी सुनील गागराई और एक अन्य युवक के साथ बाइक से कराईकेला साप्ताहिक हाट बाजार गया था। लौटने के दौरान शाम करीब 5:10 बजे चक्रधरपुर से बंदगांव की ओर जा रही स्कॉर्पियो से उनकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक पर तीन युवक सवार थे और वाहन तेज रफ्तार में था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक और स्कॉर्पियो दोनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में सिमिडीरी पंचायत के मुखिया महेंद्र पुर्ती के भतीजे महेश पुर्ती और कोलचकड़ा गांव निवासी सुनील गागराई की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर सवार तीसरे युवक के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है, बताया जा रहा है कि वह घटना के बाद फरार हो गया। सूचना मिलते ही कराईकेला पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों गंभीर रूप से घायल युवकों को अनुमंडल अस्पताल चक्रधरपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा कर शवों को रेलवे अस्पताल के शीतगृह में सुरक्षित रखवा दिया है। शनिवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। घटना के बाद अनुमंडल अस्पताल में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने स्कॉर्पियो और बाइक दोनों को जब्त कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।

 

Tags - Latest Jharkhand News jharkhand News updates latest jharkhand News jharkhand News Updates latest Jamshedpur News Jamshedpur News Updates Jamshedpur News in hindi Jamshedpur Updates Jamshedpur News in Hindi