logo

दीवार तोड़ते हुए घर में घुसी तेज रफ्तार बोलेरो, 5 लोगों को कुचला

latehar_accident_2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
लातेहार में एक अनियंत्रित बोलेरो घर में घुस गई। बोलेरो ने आंगन में सो रहे 5 लोगों को कुचल दिया। घटना में 1 की मौत हो गई है। वहीं 4 लोगों को गंभीर स्थिति में स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें रिम्स रेफर किया गया। हादसा इतना भीषण था कि मिट्टी के घर की दीवार ढह गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने लातेहार नवरंग चौक को जाम कर दिया। वो लोग लगातार मुआवजे की मांग कर रहे हैं।


लातेहार सरयू-गारू-महुआडांड़ मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप 
मुखिया जुलेश्वर लोहरा ने बताया कि घर के सभी लोग आंगन में सो रहे थे। इसी दौरान अनियंत्रित वाहन ने कुचल दिया। हादसे में राजदेव लोहरा की मौत हो गई। जबकि आरती कुमारी, शकुंती देवी समेत 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।  घटना की जानकारी मिलने के बाद मुखिया जुलेश्वर लोहरा तुरंत मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को इलाज के लिए लातेहार सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया। मुखिया ने कहा कि मृतक के परिजनों और घटना में घायलों को तत्काल मुआवजा मिलना चाहिए। इधर, ग्रामीणों द्वारा सड़क जाम किए जाने के कारण लातेहार सरयू-गारू-महुआडांड़ मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। 


इलाज का पूरा खर्च उठाए गाड़ी का मालिक
सूचना मिलने के बाद लातेहार एसपी अंजनी अंजन के निर्देश पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन का नंबर छत्तीसगढ़ राज्य का है। दुर्घटना के बाद वाहन भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इधर, घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने लातेहार नवरंग चौक के पास सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम कर रहे लोगों का कहना है कि मृतक के परिजनों को तत्काल मुआवजे के तौर पर 10 लाख रुपए दिए जाएं। साथ ही उनका कहना है कि सभी घायलों के इलाज का पूरा खर्च वाहन मालिक को उठाना होगा। साथ ही वे घायलों को भी मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।

Tags - JharkhandJharkhand newsLateharlatehar newsaccident news