logo

गिरिडीह : छात्रवृत्ति न मिलने पर छात्रों का आक्रोश, आजसू छात्र संघ ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

DTYINEUN.jpg

द फॉलोअप डेस्क
मंगलवार की सुबह झंडा मैदान से निकले छात्र-छात्राओं का एक विशाल समूह आजसू छात्र संघ के जिला सचिव अक्षय यादव के नेतृत्व में पपरवाटांड स्थित समाहरणालय पहुंचा। छात्रों ने 2024-25 सत्र की छात्रवृत्ति अब तक नहीं मिलने पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए झारखंड कल्याण विभाग मंत्रालय के नाम संबोधित ज्ञापन वर्तमान उपायुक्त रामनिवास यादव को सौंपा।
छात्रों का आरोप है कि राज्य और केंद्र सरकार के आपसी विवाद का असर विभिन्न शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत 10वीं, 11वीं, 12वीं, यूजी, पीजी, बीएड, लॉ, बीटेक, फार्मेसी और इंजीनियरिंग के हजारों छात्रों पर पड़ रहा है। उनका कहना है कि 2024-25 की छात्रवृत्ति के लिए महीनों इंतजार के बावजूद भुगतान नहीं हुआ, जबकि 2025-26 सत्र के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इससे गरीब और पिछड़े वर्ग के लाखों विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कई छात्र अंतिम स्वीकृति (फाइनल अप्रूवल) मिलने के बावजूद एक वर्ष से भुगतान की प्रतीक्षा में हैं।
आजसू छात्र संघ के जिला सचिव अक्षय यादव ने कहा कि बीते 2-3 वर्षों से राज्य की छात्रवृत्ति प्रणाली गंभीर रूप से प्रभावित हुई है। उन्होंने बताया, “पिछले पांच वर्षों में नेताओं, मंत्रियों और अधिकारियों के वेतन व सुविधाएं कई गुना बढ़ाई गई हैं, लेकिन छात्रवृत्ति के लिए छात्रों को एक-से-दो वर्ष तक इंतजार करना पड़ रहा है। सरकार कागज़ों में उपलब्धि दिखाती है, लेकिन जमीन पर स्थिति इसके बिल्कुल उलट है। सत्र 2024-25 में अब तक केवल 10% छात्रों को ही छात्रवृत्ति मिल पाई है।”

अक्षय यादव ने कहा कि छात्रवृत्ति में लगातार हो रही देरी के कारण छात्रों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है और कई विद्यार्थियों की शिक्षा बाधित हो रही है। इसी मुद्दे को लेकर आजसू छात्र संघ ने 27 नवंबर 2025 को राज्य स्तरीय आंदोलन की घोषणा की है। मोरहाबादी मैदान, रांची से झारखंड राजभवन तक विशाल प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें हजारों छात्रों के शामिल होने की संभावना है। ज्ञापन सौंपने पहुंचे छात्रों में विभिन्न विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों के सैकड़ों गरीब विद्यार्थी शामिल थे। मौके पर कुंदन चंद्रवंशी, बंटी कुमार, दिलीप मंडल, अंकित राज, पोखन यादव, सौरव सहित कई छात्र मौजूद रहे।
 

 

Tags - latest Jharkhand News Jharkhand News UpdatesJharkhand News in hindi latest jharkhand News jharkhand News Updates jharkhand updates in hindi latest Giridih news Giridih News Updates Giridih Updates in hindi latest Giridih News Giridih News update