logo

फीस वृद्धि के विरोध में छात्रों ने B.Ed कॉलेज में किया अनिश्चितकालीन तालाबंदी, नामांकन प्रक्रिया प्रभावित

Q3B.jpg

नंदलाल तुरी
सिद्धू कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय से संबद्ध केकेएम कॉलेज परिसर स्थित बीएड कॉलेज में शनिवार को छात्रों ने अनिश्चितकालीन तालाबंदी कर दी। छात्रों का आरोप है कि बीएड कोर्स की फीस में अचानक भारी वृद्धि कर दी गई है। पहले जहां कुल फीस 88,000 (44,000 प्रतिवर्ष) थी, अब इसे बढ़ाकर 1,30,000 (65,000 प्रतिवर्ष) कर दिया गया है।
फीस वृद्धि से नाराज छात्रों ने कॉलेज के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर घंटों प्रदर्शन किया और विश्वविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्रों ने इसे आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के साथ अन्याय बताया। बीएड विभागाध्यक्ष महबूब आलम ने बताया कि फीस वृद्धि का निर्णय विश्वविद्यालय स्तर पर लिया गया है और नामांकन की अंतिम तिथि 20 सितंबर निर्धारित है। उन्होंने कहा कि तालाबंदी के कारण नामांकन प्रक्रिया बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
छात्रों ने कहा कि संथाल परगना जैसे पिछड़े क्षेत्र के अधिकांश विद्यार्थी गरीब और ग्रामीण पृष्ठभूमि से आते हैं। ऐसे में अचानक इतनी अधिक फीस वृद्धि छात्रों के भविष्य पर भारी बोझ बन रही है। इससे पहले शुक्रवार को आदिवासी कल्याण छात्रावास के छात्रों ने कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपकर फीस घटाने की मांग की थी। उनका कहना है कि विश्वविद्यालय को इस निर्णय पर पुनर्विचार करना चाहिए।
छात्र नेता कमल मुर्मू ने कहा,"जब तक फीस वृद्धि वापस नहीं ली जाती, तालाबंदी जारी रहेगी। यह आंदोलन छात्रों की आवाज़ है, जिसे दबाया नहीं जा सकता।"कॉलेज प्रशासन फिलहाल छात्रों से बातचीत की कोशिश कर रहा है, लेकिन किसी समाधान पर अभी तक सहमति नहीं बन पाई है। छात्रों के रुख को देखते हुए यह साफ है कि जब तक विश्वविद्यालय इस मुद्दे पर निर्णय नहीं लेता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।


 

Tags - latest Pakur News Pakur News updates latest Pakur Nws latest Pakur News Pakur updates latest Pakur news Pakur news updates। latest Pakur News Pakur News in hindi Pakur news in hindi