logo

धनबाद में पुलिस-अपराधियों के बीच मुठभेड़, प्रिंस खान गैंग का शूटर सुदिष्ट ओझा घायल

encounter01.jpg

धनबाद
 शहर में रविवार को पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ से इलाके में सनसनी फैल गई। धनबाद पब्लिक स्कूल के पास पुलिस और कुख्यात अपराधी हैदर अली उर्फ प्रिंस खान गैंग के शूटरों के बीच आमने-सामने फायरिंग हुई। इस मुठभेड़ में गैंग का शूटर सुदिष्ट ओझा पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जबकि सरायढेला थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर बालमुकुंद सिंह भी घायल हो गए। दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए असरफी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में कुछ अपराधी रंगदारी वसूलने के लिए पहुंचे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। इसी दौरान पुलिस को देखते ही अपराधियों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर बम और गोली से हमला कर दिया। अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।


अपराधियों की ओर से की गई फायरिंग में सब-इंस्पेक्टर बालमुकुंद सिंह के हाथ में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गए। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें प्रिंस खान गैंग का शूटर सुदिष्ट ओझा घायल हो गया। बताया जा रहा है कि उसके दोनों पैरों में गोली लगी है, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़कर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।
मुठभेड़ के दौरान अपराधियों की ओर से बम भी फेंके गए। आरोपी के पास दो बम होने की बात सामने आई है, जिसमें से एक बम पुलिस की ओर फेंका गया। हालांकि पुलिस की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मौके से एक जिंदा बम भी बरामद किया गया, जिसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने के लिए पुलिस ने फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीम को बुलाया है।


घटना के दौरान दो अपराधी मौजूद थे। पुलिस की कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार  ने बताया कि अपराधी रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से इलाके में आए थे। पुलिस की घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और घटनास्थल से मिले सबूतों को खंगाला जा रहा है।


 

Tags - Gang Shooter Bomb Injury Investigation