logo

आर्थिक सहायता काफी नहीं, युवाओं को स्वाबलंबी बनाने को दीर्घकालीन नीति बनाए सरकार- सुदेश महतो

आर्थिक सहायता काफी नहीं, युवाओं को स्वाबलंबी बनाने को दीर्घकालीन नीति बनाए सरकार- सुदेश महतो

गुमला:

Jharkhand News: कार्यकर्ता सम्मेलन में शरीक होने गुमला पहुंचे सुदेश महतो (Sudesh Mahto) ने झारखंड में युवाओं में बढ़ती नशे की लत, बेरोजगारी, अशिक्षा और स्वास्थ्य की बदहाल स्थिति को लेकर सरकार की आलोचना की। नशे की बढ़ती लत पर चिंता जताते हुए सुदेश महतो ने कहा कि नशे की समस्या युवाओं के भविष्य और समाज के विकास के लिए चुनौतीपूर्ण है। उन्होंने सरकार से इस निराकरण के लिए जागरूकता बढ़ाने की मांग की है।

सरकार की महात्वाकांक्षी मंइयां सम्मान योजना की प्रासंगिकता पर सवाल उठाते हुए सुदेश महतो ने कहा कि जिस उम्र में युवा भविष्य के निर्माण, रोजगार और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रयासरत हैं, वहां सरकार को ऐसी व्यवस्था कायम करनी चाहिए, जहां उन्हें शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार का अच्छा अवसर मिले। सुदेश  महतो ने कहा कि केवल आर्थिक सहायता देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं को स्वाबलंबी बनाने के लिए दीर्घकालीन योजना चाहिए। 

सर्वजन पेंशन योजना को लेकर क्या कहा!
सुदेश महतो ने कहा कि उम्रदराज लोग जब लाचार स्थिति में पहुंच जाते हैं, तब उन्हें सहारे की सर्वाधिक जरूरत है। उन्होंने सर्वजन पेंशन योजना को लेकर मिल रही शिकायतों का हवाला देते हुए कहा कि लोग इस उम्र में सम्मान के लाभ से वंचित हैं। 

पालकोट के युवराज आजसू पार्टी में हुए शामिल
गुमला में आज सुदेश महतो की मौजूदगी में पालकोट के युवराज रामनाथ मनोहर नाथ शाहदेव सैकड़ों समर्थकों के साथ आजसू पार्टी में शामिल हो गए। रामनाथ मनोहर शाहदेव ने कहा कि आजसू पार्टी झारखंड की माटी से जुड़ी है। इस मौके पर पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता देवशरण भगत ने कहा कि सुदेश महतो की गुमला में मौजूदगी से कार्यकर्ताओं में नए जोश का संचार होगा। कार्यकर्ता सशक्त होंगे और पार्टी की गतिविधियां धरातल पर तेज होगी।

सम्मेलन में  संगठन को मजबूत करने, जनता की समस्याओं को  प्राथमिकता देने और पार्टी की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। 
 

Tags - Jharkhand NewsGumla NewsAJSU PartySudesh MahtoJharkhand Political News