द फॉलोअप डेस्क
दुमका में अंधविश्वास का एक बड़ा मामला देखने को मिला है, जहां एक पुत्र ने ही डायन-बिसाही के शक में अपनी मां की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मौके से आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दरअसल, तीन दिनों पहले दुमका जिला के गोपीकांदर थाना के दीघा गांव में 70 वर्षीय महिला को चाकू मारकर घायल कर दिया गया था। महिला अपनी बेटी के ससुराल में रह रही थी। जिसे उसके ही पुत्र रामजन हेम्ब्रम (उम्र 41 वर्ष) ने चाकू मार दिया था। बीती रात इलाज के दौरान फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में महिला की मौत हो गई। मृतका की पुत्री ने अस्पताल में पुलिस को दिये अपने बयान में साफ तौर पर कहा कि उसके भाई रामजन हेम्ब्रम ने ही मां को चाकू मारा है। पुलिस ने रामजन को उसके गांव मधुबन से उस वक्त गिरफ्तार कर लिया। .jpeg)
पुलिस ने महिला की हत्या के आरोप में उसके पुत्र रामजन हेम्ब्रम को गिरफ्तार कर जब जांच शुरू कर दी तो एक हैरान करने वाली बात सामने आई। गोपीकांदर थाना प्रभारी सुमित भगत ने बताया कि पुत्र ने अपनी माता को डायन के शक में चाकू मार दिया था, बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी ने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि आरोपी रामजन हेम्ब्रम की 18 साल की पुत्री की मौत बीमारी से कुछ माह पहले हो गई थी। जब पुत्री बीमार थी तो उस दौरान वह अक्सर कहती थी कि मेरी इस बीमारी की वजह दादी है, उसने ही कोई जादू टोना किया है। लंबी बीमारी के बाद बेटी की मौत हो गई पर रामजन के मन में अपनी मां के प्रति यह शंका बैठ गया कि उसने ही जादू-टोने से मेरी बेटी को मारा है। 
जिसके बाद वह कई बार अपनी मां पर जानलेवा हमला भी किया था पर वह बच गई। बेटे के इस हमले से बचने के लिए पिछले कुछ महीनों से वह अपने मधुबन गांव से अपनी बेटी के ससुराल दीघा गांव जो लगभग 15 किलोमीटर दूर पर स्थित था। वहां जाकर रहने लगी। घटना वाले दिन रामजन हेम्ब्रम अत्यधिक शराब पीकर घर आया। नशे में फिर से उसके दिमाग में अपनी बेटी की मौत की बात घूमने लगी। वह इसके लिए अपनी मां को जिम्मेदार मानते हुए 15 किलोमीटर दूर अपनी बहन के ससुराल गया और वहां मां पर चाकू से हमला कर दिया। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
गोपीकांदर थाना प्रभारी सुमित भगत ने जानकारी दी कि मृतका की पुत्री के बयान पर मामला दर्ज करते हुए आरोपी रामजन हेंब्रम को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही हत्या में इस्तेमाल हुआ चाकू और खून से सना कपड़ा भी बरामद किया गया है।