logo

Gumla : टाना भगतों ने प्रखंड कार्यालय के मुख्य गेट जड़ा ताला, CO ने प्रशासन की उपस्थिति में तोड़ा

TALA.jpg

गुमलाः

बिशुनपुर प्रखंड के टाना भगतों ने प्रखंड कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया था। इसे रविवार को एसडीओ व बीडीओ के निर्देश के बाद मजिस्ट्रेट सीओ धनंजय पाठक व पुलिस प्रशासन की उपस्थिति में तोड़ा गया।  मजिस्ट्रेट धनंजय पाठक ने बताया कि उन्हें पहले से इस बात की सूचना टाना भगतों ने नहीं दी थी कि वो ताला लगाने वाले हैं। उन्हे अंचल निरीक्षक चंद्रू भगत ने फोन पर यह जानकारी दी। इसके बाद बीडीओ, सीओ और थाना प्रभारी ने टाना भगतों के अगुआ विनय टाना भगत एवं अनिल असुर से ताला खोलने की अपील की लेकिन उनलोगों ने मना कर दिया। 

क्यों नाराज हैं टाना भगत 
धनंजय पाठक ने बताया कि आगामी निर्वाचन प्रकाशन के कार्य को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देशानुसार कार्यालय में लगाये गये ताला को तोड़ा गया। ताकि सरकारी कार्य में कोई रूकावट ना हो। बता दें कि शनिवार को टाना भगत की प्रखंड कमेटी के सदस्य गुमला कचहरी परिसर में स्थापित चरखा छाप टाना झंडा को अज्ञात लोगों द्वारा उखाड़ कर फेंकने एवं जतरा टाना भगत की तस्वीर पर प्रखंड प्रशासन द्वारा माल्यार्पण नहीं करने को लेकर नाराज थे। 

हमेशा दिया जाएगा सम्मान 
सीओ धनंजय पाठक ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस पर जतरा टाना भगत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें सम्मान दिया जाता रहा है और आगे भी दिया जायेगा। गणतंत्र दिवस पर जतरा टाना भगत के परपोता विश्वा टाना भगत को प्रखंड कार्यालय में सम्मानित किया। रही बात टाना झंडा उखाड़ने की तो टाना भगत शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बातों को रखें। निश्चित रूप से उस पर कार्रवाई होगी।