logo

बालासोर ट्रेन हादसे को लेकर झारखंड से गई अधिकारियों की टीम ने गोड्‌डा के चार लोगों को भेजा घर

1577.jpg

द फॉलोअप डेस्क
ओडिशा के बालासोर जिले में बहानगा रेलवे स्टेशन के समीप 2 जून की शाम हुए भीषण और हृदय विदारक रेल दुर्घटना के पीड़ितों की मदद, राहत और इलाज के लिए झारखंड सरकार संवेदनशील और तत्पर है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर श्रम सचिव के नेतृत्व में आला अधिकारियों और डॉक्टर की टीम ने रविवार को बालासोर में घटनास्थल का जायजा लिया। झारखंड के अधिकारियों की टीम बालासोर जिला अस्पताल पहुंची। जहां ट्रेन हादसे में घायल यात्रियों का इलाज चल रहा है। झारखंड टीम ने त्वरित पहल करते हुए अस्पताल से इलाजरत गोड्डा जिले के चार घायलों को डिस्चार्ज करा कर उन्हें उनके गोड्डा स्थित आवास भेजने की व्यवस्था की।

गोड्‌डा के 2 यात्रियों की हुई है मौत
झारखंड से गई टीम ने बालासोर जिला अस्पताल के अलावा एनओसीसीआई बिजनेस पार्क पहुंची। यहां मृतकों के शवों को रखा गया है। मृतकों की जानकारी ली गई। ट्रेन हादसे में गोड्डा जिले के जिन 2 यात्रियों की मौत हुई, उनके पार्थिव शरीर को भी उनके घर भेजने की व्यवस्था की गई। जबकि एक मृत यात्री की शिनाख्त करने की प्रक्रिया जारी है। सभी घायलों से निरंतर संपर्क बनाकर झारखंड सरकार हर जरूरी मदद पहुंचाने का काम रही है। दरअसल अभी तक मिली जानकारी के अनुसार इस दुर्घटना में झारखंड के 3 लोगों की मौत हुई है। जबकि, 61 लोग घायल हुए हैं।

288 नहीं, 275 लोगों की मौत का दावा
ओडिशा के मुख्य सचिव प्रदीप जेना ने रविवार की सुबह दावा किया कि हादसे में 288 नहीं, बल्कि 275 लोगों की जान गई है। उनके अनुसार कुछ शव को दो बार गिन लिए जाने से मृतकों की संख्या में गड़बड़ी हुई है मुख्य सचिव ने कहा कि हादसे में 1175 लोग घायल हुए, जिनमें से 793 को इलाज के बाद डिस्चार्ज किया जा चुका है। हालांकि, इस पर बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का कहना है कि हमारे पास हादसे में जान गंवाने वालों की लिस्ट बढ़ रही, मगर उनके पास घट रही है। उन्होंने कहा कि हादसे में पश्चिम बंगाल के 162 लोगों की जान गई है। अब तक पूरी लिस्ट नहीं मिल पाई है। ममता का कहना है कि बहुत से ऐसे लोग भी यात्रा करते हैं जो लिस्ट में नहीं होते।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N