द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले में धान अधिप्राप्ति को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला आपूर्ति विभाग के माध्यम से इस बार धान अधिप्राप्ति के लिए सभी केंद्रों पर बेहतर व्यवस्था करने का दावा किया गया है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रदीप भगत ने बताया कि उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि किसी भी किसान को दलालों के माध्यम से धान बेचने के लिए मजबूर न होना पड़े। इसे सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे। साथ ही, यदि कोई व्यक्ति ग्रामीणों को गुमराह कर अवैध रूप से धान की खरीदारी करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस बार जिले में 29 लैम्प्स केंद्रों के माध्यम से कुल तीन लाख क्विंटल धान की खरीद का लक्ष्य रखा गया है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि किसानों को सुचारू और पारदर्शी व्यवस्था के तहत धान बेचने की सुविधा मिले। इसके अलावा, सरकार की ओर से किसानों के हित में एक अहम फैसला लिया गया है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने कहा कि सरकार ने भरोसा दिया है कि इस बार किसानों को धान बिक्री का पूरा भुगतान एकमुश्त किया जाएगा, जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
