logo

हाइवा से बची तो पेड़ से टकराई एम्बुलेंस, कोडरमा सड़क हादसा एंबुलेंस दुर्घटना में डेढ़ साल की बच्ची की मौत

acident_now.jpg

द फॉलोअप डेस्क  

 गिरिडीह जिले के घोड़थम्बा से कोडरमा सदर अस्पताल इलाज के लिए लाई जा रही डेढ़ साल की आयुषी कुमारी रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गई। आयुषी की हालत पहले से ही नाजुक थी। कोडरमा-जमुआ मुख्य मार्ग पर नवालशाही थाना  क्षेत्र के पहाड़पुर के समीप हुई  इस दर्दनाक हादसे ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली। नवलशाही थाना क्षेत्र के पहाड़पुर के पास अचानक सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक हाइवा ने एंबुलेंस को चकमा दे दिया। चालक ने पूरी कोशिश की कि गाड़ी को संभाल ले, लेकिन एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद नन्ही आयुषी को बचाया नहीं जा सका। इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। आयुषी की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। घोड़थम्बा के गुंडरी गांव में मातम छा गया है। परिजन सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे में एंबुलेंस चालक चंदन कुमार पांडेय (26), प्रमिला देवी (35), विनोद पांडेय और महेश पांडेय (40) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को प्राथमिक इलाज के बाद कोडरमा सदर अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही नवलशाही थाना प्रभारी सुमन कुमार मौके पर पहुंचे और पुलिस ने एंबुलेंस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर आए दिन इस तरह के हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसा दर्द न झेलना पड़े।

Tags - Jharkhand Girdih koderma