गिरिडीह:
मुफ्फसिल थानाक्षेत्र के चौराही गांव में मंगलवार दोपहर संदिग्ध परिस्थिति में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना दोपहर करीब डेढ़ से 2 बजे के बीच की बताई जा रही है। मृतक की पहचान टाटोकियारी निवासी बजटो पंचायत के रहने वाले रामू दास के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

शराब पीने के दौरान दोस्तों से विवाद हुआ था
जानकारी के अनुसार रामु दास 2 दिन पूर्व अपने पिकअप वैन से डीजे बजाने के लिए निकले थे। इसी दौरान वह अपने कुछ सहयोगियों के साथ चौराही गांव पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वहां सभी ने शराब का सेवन किया। स्थानीय लोगों के मुताबिक शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर आपसी विवाद हुआ था। इसके बाद रामु दास संदिग्ध अवस्था में मृत पाए गए, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।

युवक की संदिग्ध मौत से गांव में दहशत
घटना की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस भी मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच में जुट गई है। मुफ्फसिल थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
2 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू
इधर मामले में पुलिस ने संदेह के आधार पर 2 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि एक अन्य युवक फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।