रांची :
चैंबर ऑफ कॉमर्स, रांची गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन और हेवी अर्थमूवर्स एसोसिएशन ने चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री के नेतृत्व में परिवहन सचिव राजेश कुमार शर्मा के साथ बैठक हुई। जिसमें झारखंड राज्य के रोड टैक्स से संबंधित जारी विभागीय निर्देश से परिवहन व्यवसायियों के समक्ष होनेवाली कठिनाईयों पर चर्चा की। चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने कहा कि विभाग द्वारा निर्गत निर्देश को फिलहाल 6 माह तक के लिए शिथिल किया जाए। तब तक अन्य प्रदेशों में निबंधित वाहन जिनका निबंधन समाप्त होता जाएगा वे झारखंड में निबंधित होती जाएंगी। चैंबर अध्यक्ष ने सचिव को यह भी आश्वस्त किया कि झारखंड चैंबर और अन्य परिवहन से जुडे संगठनों द्वारा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि आगामी माह से कोई भी वाहन मालिक जो राज्य के स्थाई निवासी हैं, वे अपने वाहनों का निबंधन अन्य राज्यों में नहीं करायेंगे।

स्थानांतरण तक नहीं किया जाए दंडित
चैंबर अध्यक्ष ने परिवहन सचिव से आग्रह किया कि वाहनों के निबंधन के स्थानांतरण तक किसी भी प्रकार से वाहन मालिकों को विभाग द्वारा दंडित नहीं किया जाए। इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी की जाए। चैंबर अध्यक्ष के आग्रह पर विभागीय सचिव ने साकारात्मक रूख दिखाते हुए उचित सहयोग के लिए आश्वस्त किया। वहीं, बैठक के दौरान पे लोडर्स और बैकहो लोडर की कठिनाईयों पर भी चर्चा की गई। हेवी माइनिंग मशीनरी उप समिति के चेयरमेन अभिषेक नेमानी ने कहा कि फाइन वेवर विकल्प के बावजूद, विभागीय पोर्टल पर कुछ तकनीकी समस्याएं बनी हुई है। जिसके कारण पे लोडर्स और बैकहो लोडर के लिए छूट अनुरोध साइट पर अपलोड नहीं हो पा रही है। यह आग्रह किया गया कि विभागीय पोर्टल की तकनीकी समस्याओं के शीघ्र समाधान की पहल की जाए और पेलोडर्स और बैकहो लोडर के लिए फाइन वेवर के अनुरोध को अविलंब स्वीकार किया जाए।

कांट्रेक्ट कैरेज परमिट को किया जाए ऑनलाइन
चैंबर अध्यक्ष ने सचिव से कहा कि कांट्रेक्ट कैरेज परमिट को तुरंत ऑनलाइन किया जाए। उन्होंने कहा कि तत्कालीन बिहार के समय का अधिभार शुल्क लिया जाता है, जिसका कोई गजट भी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में इसे समाप्त करने के साथ ही एसटीए की विगत तीन वर्ष से बंद पडी बैठक का जल्द आयोजन किया जाए। जिसपर विभागीय सचिव ने सहमति देते हुए कहा कि अधिकतम दो माह के अंदर एसटीए की बैठक आयोजित की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में चैंबर उपाध्यक्ष अमित शर्मा, सह-सचिव शैलेष अग्रवाल, आरजीटीए की ओर से सुनील सिंह चौहान, संजय जैन, सुनिल माथुर, ललन कुमार, हेवी अर्थमूवर्स की ओर से अभिषेक नेमानी, अभिषेक मोदी शामिल थे।