रांची
झारखंड में लगातार बारिश और चक्रवात के असर से किसानों की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। कई जिलों में खेतों में रखा धान सड़ गया है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। इस हालात पर कांग्रेस की सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर ब्यूटी मंडल ने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है।
ब्यूटी मंडल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्य की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की को टैग किया है। उन्होंने लिखा कि किसानों की मेहनत पर बारिश और चक्रवात ने पानी फेर दिया है, इसलिए प्रशासन जल्द सर्वे कराकर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत मुआवजा सुनिश्चित करे।

उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि किसानों की तकलीफ को समझते हुए शीघ्र राहत राशि दी जाए, ताकि किसान दोबारा खेती के काम में जुट सकें। राज्य के कई जिलों से ऐसी रिपोर्ट्स मिल रही हैं कि खेतों में रखा पका धान पूरी तरह सड़ गया है और किसानों के पास न तो भंडारण की सुविधा है, न ही आगे की फसल के लिए पूंजी। इस स्थिति में प्रशासनिक मदद ही किसानों के लिए एकमात्र सहारा मानी जा रही है।
