द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिला के डुमरी प्रखंड अंतर्गत राज्यकृत मध्य विद्यालय टागरडीह में झारखंड प्रदेश विद्यालय रसोइया संयोजिका अध्यक्ष संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सह प्रदेश उपाध्यक्ष देवकी देवी ने की, जबकि संचालन प्रखंड अध्यक्ष प्रभा एक्का ने किया। बैठक में सरकार से अपनी मांगों की प्राप्ति को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए। प्रमुख मांगों में न्यूनतम वेतन लागू करना, ईपीएफ से जोड़ना, ऐच्छिक छुट्टी की सुविधा देना तथा पेंशन योजना से रसोइयों को जोड़ना शामिल है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रत्येक रसोइया संयोजिका-अध्यक्ष को संगठन का सदस्य बनाकर संगठन को मजबूत किया जाएगा और जल्द ही प्रखंड सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। साथ ही 27 नवंबर से जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया है, जो मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा।
इसके अलावा यह मांग भी रखी गई कि जिन रसोइयों की आयु 60 वर्ष पूरी हो गई है, उनके स्थान पर उनकी बेटी, बहू या परिवार के ही किसी सदस्य को प्राथमिकता दी जाए। यदि ऐसा नहीं किया जाता है, तो वर्ष 2004 से न्यूनतम वेतन जोड़कर भुगतान किया जाए या फिर हमारे ही परिवार के सदस्य को नियुक्त किया जाए। बैठक में सुचिता खलखो, निर्मला खलखो, नेमहा बरला, करमी देवी, निर्माता टोप्पो सहित कई रसोइया संयोजिका-अध्यक्ष उपस्थित थीं। संगठन ने यह स्पष्ट किया है कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
