द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिला के सिसई थाना क्षेत्र के रेड़वा पंचायत अंतर्गत लावागांई झेंगरिया टोंगरी में मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे पेड़ से फांसी पर लटकी युवक और युवती की सड़ी-गली लाश मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने जब दो शवों को पेड़ से लटका देखा तो तुरंत इसकी सूचना सिसई थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को नीचे उतरवाकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की।
पुलिस के अनुसार शवों की हालत देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि घटना लगभग एक सप्ताह पुरानी या उससे अधिक समय की हो सकती है। युवक-युवती ने दुपट्टा और गमछे का उपयोग कर पेड़ पर फांसी लगाई होगी। दोनों शव आपस में लिपटी अवस्था में मिले, जिससे आशंका जताई जा रही है कि दोनों प्रेम संबंध में थे और संभवतः एक साथ आत्महत्या की होगी।
समाचार लिखे जाने तक दोनों की पहचान नहीं हो पाई थी। शव काफी सड़-गल चुके हैं, जिसके कारण चेहरों की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस ने पंचनामा के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया है। घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के गांवों में दहशत और चर्चा का माहौल बन गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
