द फॉलोअप डेस्क
गुमला शहर के बीच स्थित बाजार हाट की बदहाल स्थिति को लेकर खबर दिखाए जाने के बाद इसका बड़ा असर देखने को मिल रहा है। लंबे समय से इस स्थल की बदहाली के बाद अब तस्वीर बदलने वाली है। जिला डीसी प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर नगर परिषद ने इस दिशा में काम करना शुरू कर दिया है। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि बाजार टांड़ की स्थिति जल्द ही बदलने वाली है। इसके लिए 5 करोड़ की कार्य योजना बनाकर नगर विकास विभाग, झारखंड सरकार को भेजी गई है। स्वीकृति मिलने के बाद इस स्थल पर शेड, पेपर ब्लॉक, सड़क और नाली का निर्माण किया जाएगा, ताकि बाजार लगने में कोई परेशानी न हो।
इस खबर को लेकर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करने के लिए चैनल के माध्यम से लगातार प्रयास किए गए हैं, जिसके बाद अब प्रशासन पर इसका असर दिख रहा है। जिला प्रशासन के निर्देश के बाद नगर विकास विभाग को भेजा गया प्रस्ताव जैसे ही स्वीकृत होगा, इस स्थल की स्थिति निश्चित रूप से बदल जाएगी। इससे आम लोगों में खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर यह कार्य होता है, तो गुमला जिले के लिए यह एक अच्छा कदम होगा, जो जिले के विकास के बाद लंबी समय के बाद देखने को मिलेगा। दरअसल, जिला मुख्यालय के बीच स्थित यह स्थल गंदगी और खराब रखरखाव के कारण लोगों के लिए परेशानी का कारण बन चुका था। बावजूद इसके, यहां सप्ताह में दो दिन बाजार लगता है, जहां लोग अपनी रोजमर्रा की खरीदारी और व्यापार के लिए आते हैं।
