नंदलाल तुरी
नालसा, नई दिल्ली एवं झालसा, रांची के निर्देशानुसार विचाराधीन कैदियों से संबंधित अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी की पहली बैठक पाकुड़ व्यवहार न्यायालय परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ दिवाकर पांडे ने की। इस बैठक में उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी, जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी सौरभ चंद्रा, जेल अधीक्षक तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ की सचिव रूपा बंदना किरो सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान जिले में निरुद्ध विचाराधीन कैदियों के मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। ट्रायल की प्रगति, लंबित मामलों और विधिक सहायता से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर गहन चर्चा की गई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिवाकर पांडे ने जानकारी दी कि जेल में निरुद्ध विचाराधीन कैदियों को कुल 16 निर्धारित श्रेणियों के अंतर्गत चिन्हित किया गया है। समीक्षा के क्रम में दो श्रेणियों के अंतर्गत तीन विचाराधीन कैदियों को जेल से रिहा करने की अनुशंसा की गई। इसके अतिरिक्त 70 वर्ष से अधिक आयु के दो कैदियों की पहचान कर उन्हें भी समिति द्वारा अनुशंसित किया गया।
