logo

जमशेदपुर के DD बार में उस रात हुआ क्या था, हिमांशु हत्याकांड की पूरी कहानी आई सामने; 3 नाबालिग समेत 5 लोग गिरफ्तार

a1335.jpg

बिष्टुपुर/जमशेदपुर:

जमशदेपुर के बहुचर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड मामले में पुलिस ने 3 नाबालिग समेत कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। जमशदेपुर पुलिस के मुताबिक वारदात के अगले ही दिन यानी 28 जून को उन्होंने सोनुराम सरदार उर्फ सोनू मंडल और राज लोहार को गिरफ्तार कर लिया था। 30 जून को एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया, जबकि 2 जुलाई को 2 और नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। इनसे पूछताछ जारी है। घटना के दौरान घायल हुए अभियुक्त सोनूराम सरदार का एमजीएम अस्पताल में इलाज जारी है।

गौरतलब है कि पुलिस ने राज लोहार को वारदात में इस्तेमाल किए गये छोटी कुल्हाड़ी के साथ गिरफ्तार किया है। घटना के मुख्य आरोपी विश्वनाथ लोहरा उर्फ बोदरा समेत अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की विभिन्न टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। 

27 जून की रात को डबल डाउन बार में क्या हुआ था
पुलिस ने प्रेस रिलीज के माध्यम से हिमांशु हत्याकांड के पूरे घटनाक्रम  की जानकारी दी है। पुलिस के मुताबिक बीते 27 जून को रात के करीब साढ़े 11 बजे बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार में हिमांशु और प्रत्युष का विश्वनाथ लोहरा उर्फ बोदरा, सोनू राम सरदार और उनके साथियों के साथ विवाद हुआ था। पुलिस का कहना है कि झगड़ा वहीं शांत करा दिया गया था, लेकिन आरोप है कि विश्वनाथ लोहरा ने गांव से अपने साथियों को बुला लिया। विश्वनाथ लोहरा के बुलावे पर उसके साथी हरवे-हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंचे और पूर्व नियोजित साजिश के तहत हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया।

पुलिस ने माना कि पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में हुए इस हमले में हिमांशु और प्रत्युष गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तत्काल दोनों को टीएमएच में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान हिमांशु सिंह की मौत हो गई। 

पुलिस ने हथियार, बाइक और कपड़े जब्त किए हैं
पुलिस ने जानकारी दी है कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर बिष्टुपुर थाना कांड संख्या  84/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एसआईटी का गठन किया गया। इस टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, मानवीय सूचना और अन्य सबूतों के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया।

घटनास्थल से ब्लड सैंपल, खून लगी चप्पल, आरोपियों की बाइक, सीसीटीवी फुटेज और डीवीआर जब्त किया है। हिमांशु और प्रत्यूष के खून से सने कपड़े भी अस्पताल से जब्त किए गये। आरोपी राज लोहार ने घटना के समय जो कपड़ा पहना था, उसमें भी खून लगा था। पुलिस ने वह भी जब्त किया है। 

फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस दे रही दबिश
पुलिस ने कहा कि हिमांशु हत्याकांड में संलिप्त कुछ अन्य आरोपी गिरफ्तारी के डर से झारखंड छोड़कर दूसरे राज्यों में छिपे हैं, उनकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पुलिस की कार्रवाई में भी बाधा पहुंचाई। पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करने के अलावा कस्टडी से एक आरोपी को छुड़ा लिया। 

Tags - Himanshu Murder CaseJamshedpur PoliceMurder CaseJamshedpur Crime News