logo

सरकार ने अंततः लिया झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा का विज्ञापन रद्द करने का फैसला

JACCC.jpg

द फॉलोअप डेस्क
काफी जद्दोजहद के बाद स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने अंततः झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) के विज्ञापन को रद्द करने का निर्णय लिया है। परीक्षा के विज्ञापन के रद्द करने संबंधी प्रस्ताव पर विभागीय सचिव व मंत्री ने अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है। अगले कुछ दिनों में विज्ञापन के रद्द करने संबंधी आदेश निर्गत करते हुए जैक को इससे अवगत करा दिया जाएगा। इस संबंध में विभागीय मंत्री रामदास सोरेन से पूछने पर उन्होंने स्वीकार किया कि परीक्षा के विज्ञापन के रद्द करने के प्रस्ताव पर उन्होंने स्वीकृति प्रदान कर दी है। उन्होंने यह भी कहा कि छात्रों के हित में जल्द ही नये सिरे से जेटेट की परीक्षा आयोजित करने के लिए विज्ञापन प्रकाशित किया जाएगा।


पिछले सात महीने से 3.5 लाख छात्रों का भविष्य अधर में था
यहां मालूम हो कि जैक ने पिछले साल जेटेट की परीक्षा आयोजित करने के लिए विज्ञापन प्रकाशित किया था। उसके अनुसार 23 जुलाई से 26 सितंबर जेटेट की परीक्षा के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इस परीक्षा के लिए लगभग 3.5 लाख छात्रों ने आवेदन किया था। लेकिन आवेदन आमंत्रित करने के बाद कतिपय विसंगतियों और सिलेबस में गड़बड़ी को लेकर परीक्षा के आयोजन पर रोक लगा दी गयी थी। लेकिन विज्ञापन को रद्द करते हुए नये सिरे से परीक्षा के आयोजन को लेकर फैसला ही नहीं हो पा रहा था। जेटेट की परीक्षा नहीं होने से राज्य के लाखों युवाओं का भविष्य अधर में था।


राज्य बनने के बाद मात्र दो बार हुई जेटेट की परीक्षा
झारखंड अलग राज्य बनने के बाद पिछले 25 वर्षों में मात्र दो बार जेटेट की परीक्षा आयोजित हुई। पहली बार 2013 में जेटेट की परीक्षा ली गयी। इसमें लगभग 68000 छात्रों ने सफलता पायी। दूसरी बार 2016 में हुई जेटेट की परीक्षा में लगभग 53 हजार सफल हुए। उसके बाद पिछले नौ साल में झारखंड में जेटेट की परीक्षा ही नहीं हुई।

Tags - jtetjharkhandjaclatest news

Trending Now