द फॉलोअप डेस्कः
राजधानी रांची समेत राज्यभर में कंपकंपाती सर्दी का दौर शुरू हो गया है। शनिवार को राज्यभर में कड़ाके भी ठंड रही। कांके का पारा गिरकर 4 डिग्री पर पहुंच गया। रांची में भी तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 19 दिसंबर तक आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन इसके बाद इनके छंटने की उम्मीद है। बादल छाने से अधिकतम तापमान में कमी आएगी। इससे दिन में ठंड बढ़ेगी। आसमान साफ होने के बाद न्यूनतम पारा नीचे आएगा। 20 दिसंबर से तापमान में और गिरावट आ सकती है।

19 दिसंबर तक छाए रह सकते है बादल
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में सोमवार से मौसम में बदलाव होगा। अगले 24 घंटे में दक्षिणी-पूर्वी हवा चलने के आसार हैं। आसमान में हल्के बादल छाएंगे, जिससे न्यूनतम तापमान में वृद्धि की संभावना है। सुबह व रात की कनकनी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में उत्तरी पश्चिमी हवाओं का असर है। इस वजह से न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस और 11 डिग्री सेल्सियस के बीच है। पारा के स्तर में कोई भी बड़ा बदलाव की अगले तीन दिनों तक संभावना नहीं है। उसके बाद 20 दिसंबर से तापमान में और गिरावट आ सकती है।

पिछले साल से ज्यादा ठंडा है दिसंबर
इस साल दिसंबर में न्यूनतम पारा सबसे कम 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले साल 2022 को 17 दिसंबर के दौरान सबसे कम 8.5 डिग्री सेल्सियस था। राजधानी और आसपास के क्षेत्र में अधिकतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री नीचे चल रहा है। यह 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।