द फॉलोअप डेस्क
भ्रष्टाचार के पोषक और संरक्षक तीन मुख्यमंत्रियों के संगम ने आज भगवान बिरसा मुंडा की पवित्र भूमि को अपवित्र किया है। यह बातें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास में हुए तीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, भगवंत मान व हेमंत सोरेन की मुलाकात पर कही। उन्होंने कहा कि आज पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस पर काम कर रही है। भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसियों की दबिश बढ़ी है। भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन करने वालों की पोल खुल चुकी है। अन्ना हजारे के आदर्शों को ठेंगा दिखाने वाली आप पार्टी के सरकार की कथनी और करनी का अंतर उजागर हो चुका है। आज शराब घोटाले में केजरीवाल सरकार के मंत्री रहे मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन जेल के सलाखों में कैद हैं।

भ्रष्टाचार में आकंठ डूब चुकी है पंजाब सरकार
दीपक प्रकाश ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर प्रहार करते हुए कहा कि उनका चरित्र जगजाहिर है। उनकी सरकार भी डेढ़ वर्षों में ही भ्रष्टाचार में आकंठ डूब चुकी है। पंजाब में डेढ़ वर्षों में ही दो मंत्री विजय सिंगला और सौजा सिंह को भ्रष्टाचार के आरोप में भाजपा के आंदोलन पर बर्खास्त करना पड़ा है। दीपक प्रकाश ने कहा कि भ्रष्टाचार के वीडियो वायरल हुए। जन दबाव में मंत्री पद से बर्खास्त किया लेकिन कोई एफआईआर दर्ज नहीं किया गया। भटिंडा के विधायक अमित रतन सरेआम रिश्वत लेते पकड़े गए। विधायक गोल्डी कंबोज के पिता पर भी महिला के इस्तेमाल से सरकार में भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगा।

बिजली बिल बढ़ाकर जनता पर ढाया कहर
दीपक प्रकाश ने कहा कि बिजली दर घटाने की बात करके सत्ता प्राप्त करने वाली गठबंधन सरकार आज गरीबों, किसानों और आम आदमी पर कहर ढा रही है। उन्होंने कहा कि इसके पूर्व भी राज्य सरकार ने पेट्रोल डीजल पर वैट कम नहीं कर जनता को निराश ही किया था। दीपक ने कहा कि एक तरफ राज्य के उद्योगपति बिजली की कम आपूर्ति से राज्य छोड़ने की धमकी दे रहे हैं। वहीं, बचे खुचे एमएसएमई के उत्पाद महंगे होंगे। भाजपा बढ़े बिजली दर का प्रबल विरोध करते हुए इसे जनहित में वापस लेने की मांग करती है।

लव जिहाद की घटनाओं मं हुई बेतहाशा वृद्धि
लव जिहाद को लेकर दीपक प्रकाश ने कहा कि हेमंत सरकार में ऐसी घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है। आदिवासी, दलित बहन बेटियां ज्यादा प्रभावित हो रहीं। धर्मांतरण का दबाव, नहीं तो हत्या जैसी घटनाएं लगातार घटित हो रही। फिर भी सरकार तुष्टिकरण की राजनीति कर रही। उन्होंने कहा कि यदि हेमंत सरकार में हिम्मत है तो फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से पीड़ितों को न्याय दिलाए। वहीं, स्कूल का नाम बदले जाने पर भी हेमंत सरकार को दीपक प्रकाश को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार को हिंदू शब्द से एलर्जी है। इसीलिए 100 साल पुराने विद्यालयों के नाम बदले जा रहे। जिसमे बिना भेदभाव के सभी पंथ समाज, जाति के बच्चे पढ़कर देश राज्य का नाम रोशन करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह राज्य के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।
