द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह में कारोबारी हरेराम सिंह के घर पर 10 अक्टूबर की रात हुई फायरिंग कांड का खुलासा जमशेदपुर पुलिस ने कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पहली गिरफ्तारी गोलमुरी गाड़ाबासा निवासी रवि महानंद उर्फ गोपाल की हुई है, जिसे मंगलवार देर रात मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में पुलिस ने गोली चलाई। आरोपी के पैर में गोली लगी है और उसे एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटनास्थल से पुलिस ने एक देसी पिस्टल, एक मैगजीन, दो जिंदा गोली, दो खोखे, एक एंड्रॉयड मोबाइल, शराब की बोतलें, पानी की बोतलें, डिस्पोजल ग्लास और प्लास्टिक सामग्री बरामद की है।
दूसरी ओर छापेमारी में पुलिस ने फायरिंग कांड में शामिल आकाश सिंह उर्फ लालू को न्यू सीतारामडेरा स्लैग रोड से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आकाश ने कबूल किया कि वह कारोबारी हरेराम सिंह और उनके बेटे हरीश सिंह के व्यवसाय से जुड़ा था और 10 हजार रुपये मासिक वेतन पर काम करता था।.jpeg)
पूछताछ में सामने आया कि करीब छह महीने पहले शराब दुकान के ठेके को लेकर हरीश सिंह और दरारथ शुक्ला के बीच विवाद हुआ था। हरीश सिंह ने पुराना समझौता तोड़कर ठेका प्रेम नारायण शिवहरे को दे दिया था। इससे नाराज होकर आकाश सिंह और दरारथ शुक्ला ने बदला लेने की साजिश रची। बदले की इस साजिश में दोनों ने कुख्यात अपराधी सुजीत सिन्हा से संपर्क किया। सुजीत ने कारोबारी से रंगदारी की मांग की और धमकी दी कि रकम न देने पर गंभीर अंजाम भुगतना होगा।
रंगदारी न मिलने पर सुजीत ने दुबई में बैठे गैंगस्टर प्रिंस खान के जरिये कॉल और व्हाट्सएप से धमकियां भी दिलवाईं। इसके बाद सुजीत ने स्थानीय शूटरों को हरेराम सिंह के घर फायरिंग करने का निर्देश दिया।
जांच में यह भी सामने आया है कि हथियार रिया सिन्हा और बल्लू खान के जरिए रांची से मंगवाये गये थे। सिटी एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के तार शहर और रांची के अपराधियों से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि इस मुठभेड़ और गिरफ्तारी से अपराधियों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।.jpg)
एसपी ने यह भी कहा कि प्राथमिक जांच से साफ है कि स्थानीय व्यापारिक प्रतिद्वंद्विता और पुरानी रंजिशें अब भी नये अपराधों को जन्म दे रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि पुलिस ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी और निरंतर कार्रवाई जारी रखेगी।