पलामू:
पलामू जिले के मेदिनीनगर में 2 दिन पहले जीएलए कॉलेज गेट के पास अष्टभुजी मंदिर के सामने हुए चर्चित गोलीकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस गोलीकांड के मुख्य आरोपी प्रीतम तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी रांची के रातू रोड स्थित चिंगरी फ्लाईओवर के पास से की गई। बताया जा रहा है कि संजय तिवारी और आरोपी पक्ष के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर 20 जून 2026 को जीएलए कॉलेज गेट के पास अष्टभुजी मंदिर के सामने संजय तिवारी की गोली मारी थी जिसके बाद वे गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

एसडीपीओ के नेतृत्व में बनी थी एसआईटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। 24 जून को पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। मंगलवार को रांची के रातू रोड स्थित चिंगरी फ्लाईओवर के पास से आरोपी प्रीतम तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार 20 जून 2026 को संजय तिवारी (50 वर्ष) को गोली मार दी गई थी। इस मामले में भतीजे प्रीतम तिवारी पर हत्या की नीयत से गोली चलाने का आरोप लगा था। घटना के बाद शहर थाना में कांड संख्या 206/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

आरोपी की निशानदेही पर हथियार बरामद
गिरफ्तारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 1 देशी पिस्तौल और 7.65 एमएम के 3 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ शहर थाना में कई धाराओं के तहत मामला दर्ज है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए अदालत में प्रस्तुत किया जाएगा।