logo

महिला होमगार्ड की हत्या में सिपाही पति ही निकला मास्टरमाइंड, साजिश का पर्दाफाश

ugmyuom,8.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पश्चिमी सिंहभूम जिले के कराइकेला थाना क्षेत्र में हुई महिला होमगार्ड की हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए साजिश का पर्दाफाश किया है। इस हत्याकांड में मृतका का पति ही मुख्य आरोपी निकला, जिसने सुनियोजित तरीके से हत्या की पूरी साजिश रची थी। दरअसल, 30 जनवरी को बालपोस मैदान के पास नहर पुलिया के समीप महिला होमगार्ड श्रीमती मेलगांडी का शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के भाई कुलदीप बोदरा के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और स्थानीय स्तर पर गहन पूछताछ के जरिए जांच को आगे बढ़ाया। इसी क्रम में हत्या की साजिश की परतें धीरे-धीरे खुलती गईं। जांच में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि मृतका का पति, सिपाही दिनेश मेलगांडी ही इस पूरे हत्याकांड का मास्टरमाइंड है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा इस साजिश में शामिल दो अन्य आरोपी राम कुम्हार और सहदेव मुंडा उर्फ रांगा को भी हिरासत में लिया गया है। वहीं, मामले में फरार चल रहा एक अन्य आरोपी धनसिंह मुंडा उर्फ मुखिया को भी कुचाई थाना क्षेत्र के गुदगुदरी गांव से गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों की गहन जांच अभी जारी है। प्रारंभिक पूछताछ में कई अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिससे आने वाले दिनों में और भी चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं। पुलिस इस कार्रवाई को बड़ी सफलता मान रही है, वहीं इस खुलासे के बाद पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर लोगों के बीच आक्रोश और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

 

Tags - West Singhbhum murder case Karaikela police station murder news Woman Home Guard murder Jharkhand Husband arrested murder conspiracy case Jamshedpur rural crime news SIT investigation murder case Jharkhand Jharkhand police major breakthrough case