logo

जामताड़ा में बनते ही उखड़ने लगी बाईपास सड़क, क्वालिटी से समझौता; गुस्से में ग्रामीण

A712.jpg

जामताड़ा:

मिहिजाम निर्मल महतो चौक से बड़जोड़ा होते हुए सतशाल तक बन रही बाईपास सड़क अब स्थानीय लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन गई है। विशेषकर बड़जोड़ा पुल से गोराईनाला दास टोला क्रिकेट मैदान तक का लगभग 1 किमी का हिस्सा पिछले लंबे समय से अधूरा पड़ा है। इस खंड पर केवल मेटल (पत्थर) डालकर छोड़ दिया गया है, जिससे यह मार्ग जानलेवा बन चुका है।

​आम जनजीवन प्रभावित
​इस मार्ग की अहमियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहाँ से प्रतिदिन 300-400 मजदूर, किसान और आम नागरिक आवागमन करते हैं। छात्र-छात्राएं इसी रास्ते से पढ़ाई के लिए मिहिजाम जाते हैं और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं भी इसी जर्जर सड़क पर निर्भर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के अन्य हिस्सों का काम पूरा हो चुका है, लेकिन इस एक किलोमीटर के टुकड़े को अधूरा छोड़ना समझ से परे है।

​JLKM ने उठाए सवाल
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के जामताड़ा जिलाध्यक्ष मनतोष कुमार महतो ने इस स्थिति पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने प्रशासन से सीधा सवाल किया कि आखिर इस हिस्से का निर्माण कार्य क्यों रोका गया है? "क्या यह भू-अर्जन का विवाद है, जमाबंदी भूमि का मामला है या मुआवजे के नाम पर जानबूझकर देरी की जा रही है? कारण जो भी हो, आम जनता को इस तरह मौत के साये में नहीं छोड़ा जा सकता।"
उपायुक्त से मामले में हस्तक्षेप की मांग

मनतोष महतो ने जिला प्रशासन और उपायुक्त से मांग की है कि मामले में हस्तक्षेप कर दोषी अधिकारियों और संवेदक पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो JLKM जनता के साथ मिलकर सड़क जाम और उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Tags - Jamtara NewsBypass RoadBypass Road Quality CompromisedRoad Construction