रांची:
राज्यसभा चुनाव में क्रॉस-वोटिंग के आरोपों पर आरजेडी ने पलटवार किया है। कांग्रेस प्रभारी के. राजू के आरोपों का खंडन करते हुए देवघर से राष्ट्रीय जनता दल के विधायक सुरेश पासवान ने कहा कि क्रॉस वोटिंग के आरोप झूठे और बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि हम आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और अपने नेता तेजस्वी यादव के उसूलों पर चलने वाले लोग हैं और झारखंड में पार्टी के चारों विधायकों का कीमती वोट इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी को दिया गया है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि हमें धोखेबाज कहने वाली कांग्रेस को बताना चाहिए कि एनडीए समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी और प्रणव झा एक ही प्लेट पर नाश्ता क्यों खा रहे थे? विधायक सुरेश पासवान ने कहा कि इंडिया गठबंधन के घटक दल के वरीय नेताओं के बीच इन आरोपों पर बातचीत होगी।

विधायक सुरेश पासवान ने कांग्रेस से पूछा सवाल
विधायक सुरेश पासवान ने कहा कि के. राजू को स्पष्ट करना चाहिए कि उन्होंने किस आधार पर इतना संगीन आरोप लगाया है। क्या उन्होंने हमें मतदान करते देखा है? आरजेडी विधायक ने कहा कि हमने चुनाव आयोग की गाइडलाइन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की निगरानी में हुए मॉक पोल के हिसाब से अपना प्रथम वरीयता मत इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी प्रण झा को दिया और फिर चुनाव एजेंट नियुक्त किए गये, लालू प्रसाद यादव ने विश्वासपात्र भोला प्रसाद यादव को दिखाया और फिर बैलेट बॉक्स में पर्ची डाली। उन्होंने के. राजू को चुनौती दी है कि वे साबित करें कि हमने प्रणव झा के अतिरिक्त किसी और को मतदान किया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक चुनाव का नियम और कानून होता है और हमने उसी का पालन करते हुए मतदान किया है।

आरजेडी का कीमती वोट इंडिया गठबंधन को
इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी की हार में किस दल की तरफ से गड़बड़ी हुई है, इस सवाल के जवाब में सुरेश पासवान ने कहा कि आरजेडी ने इस बात का ठेका लिया था कि इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी को पार्टी के चारों विधायकों का कीमती प्रथम वरीयता मत मिलेगा। अब किसी और जगह गड़बड़ी हुई होगी तो इसकी जिम्मेदार आरजेडी नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के किसी भी नेता को आरोप लगाने से पहले तथ्यों की पड़ताल करनी चाहिए। यूं ही बिना किसी आधार के अनर्गल बयानबाजी से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस से बिहार विधानसभा चुनाव का बदला लेने की बात कोरी बकवास है।

परिमल नाथवानी की जीत ने सियासत को चौंकाया
गौरतलब है कि झारखंड में राज्यसभा की 2 सीटों पर होने वाले चुनाव में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी प्रणव झा की हार हुई है। गठबंधन के पास 56 विधायक हैं, बावजूद इसके प्रणव झा को महज 19 वोट मिले। वहीं, एनडीए के पास महज 24 विधायक थे, लेकिन इनके समर्थित प्रत्याशी परिमल नाथवानी को 28 मत मिले, जबकि 2 वोट अमान्य घोषित कर दिए गए। झामुमो उम्मीदवार बैजनाथ राम 30 मत पाकर विजयी हुए। नतीजों बाद कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने आरजेडी और वामदल पर क्रॉस वोटिंग का आरोप लगाया था।