logo

गुमला : प्रशासन की पहल से बदली 30 ग्रामीण महिलाओं की दुनिया, IRMA से प्रशिक्षण लेकर लौटीं महिलाएं बनीं प्रेरणा स्रोत

gumlakkk.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिला प्रशासन की अनोखी पहल से जिले की 30 ग्रामीण महिलाओं को गुजरात स्थित प्रतिष्ठित संस्था IRMA (Institute of Rural Management Anand) में तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण का अवसर मिला। यह सभी महिलाएं कृषि क्षेत्र में बेहतर कार्य कर रही थीं, लेकिन सीमित संसाधनों और जानकारी के कारण अपने प्रयासों को नई ऊंचाइयों तक नहीं पहुंचा पा रही थीं। अब प्रशिक्षण से लौटने के बाद इनके चेहरों पर आत्मविश्वास और भविष्य के प्रति नई उम्मीदों की झलक साफ देखी जा सकती है।

गुमला की उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की इस पहल को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि इनमें से कई महिलाएं ऐसी थीं, जिन्होंने कभी अपने गांव से बाहर कदम नहीं रखा था। कुछ के लिए जिला मुख्यालय तक जाना भी कठिन था, लेकिन इस योजना के तहत उन्हें न केवल IRMA भेजा गया, बल्कि पहली बार हवाई यात्रा करने का अनुभव भी मिला।
बिशुनपुर प्रखंड की अनीता देवी ने बताया कि वह लंबे समय से कृषि से जुड़े कार्य कर रही थीं और परिवार का भरण-पोषण इसी से होता था। हालांकि उन्हें कभी यह उम्मीद नहीं थी कि वे IRMA जैसी संस्था में प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगी। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें यह समझ में आया कि कृषि केवल पारंपरिक खेती तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे जुड़े कई ऐसे पहलू हैं, जिन्हें अपनाकर आर्थिक रूप से सशक्त हुआ जा सकता है और अन्य महिलाओं को भी रोजगार उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह अवसर उनके जीवन का "गेम चेंजर" साबित हो सकता है।

गुमला प्रखंड की भालेरिया लकड़ा का अनुभव भी प्रेरणादायक रहा। उन्होंने बताया कि अब तक वे कभी जिला मुख्यालय भी नहीं आ पाई थीं, लेकिन भूमि संरक्षण विभाग से जुड़ने के बाद उनके जीवन में बदलाव की शुरुआत हुई। हाल ही में उन्हें कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और डीसी प्रेरणा दीक्षित के हाथों एक ट्रैक्टर मिला, जिसने उनके कार्यों को नई गति दी। IRMA से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद अब उनके पास बेहतर योजना, तकनीकी समझ और आत्मबल है कि वे अपनी खेती को और विस्तारित कर सकें। भालेरिया ने कहा कि IRMA में उन्हें समझ आया कि कैसे वैज्ञानिक पद्धतियों, प्रबंधन और आधुनिक संसाधनों के उपयोग से खेती को व्यवसाय का रूप दिया जा सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में वे न केवल अपने लिए, बल्कि अन्य ग्रामीण महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बनेंगी और क्षेत्र से पलायन की समस्या को कम करने में सहयोग करेंगी।
इस पूरे कार्यक्रम को लेकर गुमला की उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने कहा कि यह उनका दायित्व है कि जिले की महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाया जाए। उन्होंने कहा कि कृषि के क्षेत्र में काम कर रही महिलाओं को उचित प्रशिक्षण देकर उन्हें नए अवसरों से जोड़ना बेहद जरूरी है, ताकि वे न केवल अपने लिए, बल्कि पूरे समाज के लिए एक प्रेरक भूमिका निभा सकें। डीसी ने विश्वास जताया कि IRMA से लौटकर आईं ये 30 महिलाएं जिले की अन्य महिलाओं के लिए मार्गदर्शक बनेंगी और गुमला की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।



 

Tags - latest Gumla news Gyumla News Updates latest Gumla news Gumla Updates Latest Gumla News Gumla news Updates latest Gumala News Gumla updates Latest gumla News Gumla News Updates Gumla News updates Gumla News in Hindi