logo

छोटे भाई ने बड़े की टांगी से मारकर हत्या की, सगाई समारोह में शुरू हुआ था विवाद

वपोग2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जहां छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की निर्मम हत्या कर दी। घटना ठेकही-अंदाग गांव की है, जहां रविवार देर रात पिंटू भुईयां की उसके छोटे भाई सीटू भुईयां ने टांगी से हमला कर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, परिवार में सगाई समारोह के दौरान सभी भाई एकत्रित हुए थे और इसी दौरान शराब के नशे में दोनों भाइयों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सीटू भुईयां ने गुस्से में आकर पिंटू भुईयां पर टांगी से हमला कर दिया। 


गंभीर रूप से घायल पिंटू भुईयां को पहले पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी भाई मौके से फरार हो गया है। वहीं, सूचना मिलते ही पांकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, शराब के नशे में हुए विवाद के कारण इस घटना को अंजाम दिया गया। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।