गिरिडीह
पचम्बा थाना क्षेत्र अन्तर्गत मध्य विद्यालय, चैताडीह में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित उद्भेदन कर तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से लाखों रुपये मूल्य का चोरी गया सामान भी बरामद किया गया है। यह घटना 17 सितंबर की रात की है, जब अज्ञात चोरों ने विद्यालय का गेट तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक मो० नेयाज अहमद के आवेदन पर पचम्बा थाना कांड संख्या 107/25, दिनांक 18.09.2025, धारा 305/331(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले के त्वरित उद्भेदन हेतु पुलिस अधीक्षक ने नव प्रोन्नत पुलिस उपाधीक्षक मंटु कुमार और पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया।

टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी सहयोग के आधार पर छापेमारी कर तीन संदिग्धों – रब्बानी अंसारी उर्फ लड्डू, साबिर उर्फ छोटू और तनवीर को हिरासत में लिया। पूछताछ के क्रम में तीनों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी गया सामान और घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड बरामद किया। बरामद सामानों में 11 डेस्कटॉप कंप्यूटर, 8 सीपीयू, 1 प्रिंटर, 2 स्टैंड फैन, 1 टुल्लू पंप (1 HP), 1 स्टील का डेग, 1 स्टील का टब, 1 डब्बू और एक लोहे का रॉड शामिल है।
बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस अधीक्षक ने पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। इससे पूर्व इनके खिलाफ नगर थाना कांड संख्या 157/25, दिनांक 22.06.2025 को मामला दर्ज है।
