द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर पुलिस ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए कोवाली थाना क्षेत्र के ढेंगाम साप्ताहिक हाट से चोरी हुए 4 माह के दुधमुंहे बच्चे को महज 14 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। बरामद बच्चे इंद्रदेव सरदार (उम्र 4 माह) को पुलिस ने सुरक्षित उसके माता-पिता को सौंप दिया है। आरोपी महिला झूमारानी मंडल (40 वर्ष) कोवाली थाना क्षेत्र के भेलाईडीह की रहने वाली है। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला जेएसएलपीएस में कार्यरत थी।
ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को 11 जनवरी की शाम करीब 7 बजे मिली। सूचना मिलते ही मुसाबनी डीएसपी संदीप भगत के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और मामले की तफ्तीश शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गुलाबी रंग की साड़ी पहने एक महिला को संदिग्ध के रूप में चिन्हित किया। पूरी रात पुलिस टीम ने इलाके में लगातार छापेमारी और खोजबीन की। अगले दिन दोपहर तक पुलिस को यह स्पष्ट हो गया कि बच्चे को अगवा करने वाली महिला कौन है। इसके बाद पुलिस ने 14 घंटे के भीतर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर बच्चे को बरामद कर लिया।

ग्रामीण एसपी ने बताया कि पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी महिला का किसी संगठित गिरोह से कोई संबंध नहीं है। महिला ने स्वीकार किया कि उसकी बेटी को शादी के बाद से संतान नहीं हुई है। इसी मानसिक पीड़ा में उसने अपनी बेटी को मातृत्व का सुख देने के लिए बाजार से बच्चे को अगवा करने का फैसला किया। आरोपी महिला ने बच्चे को अगवा करने के बाद उसे अपनी बेटी को सौंप दिया था। पुलिस कार्रवाई तेज होने पर आरोपी की बेटी और दामाद ने बच्चे को अपने पड़ोसी के पास छोड़ दिया और फरार हो गये।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में आरोपी महिला की बेटी और दामाद की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि इस तरह की किसी भी घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर किसी भी अनहोनी को रोका जा सके। छापेमारी दल में मुसाबनी डीएसपी संदीप भगत, जादूगोड़ा पुलिस निरीक्षक सुरेश प्रसाद, कोवाली थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान, पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो, जादूगोड़ा थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस अवर निरीक्षक मोबिन अंसारी, सिदो मुर्मू, आरक्षी गोरालेयागी और राजेश कुमार शामिल थे।
कोवाली थाना क्षेत्र के ढेंगाम साप्ताहिक हाट में 11 जनवरी को डूमरिया प्रखंड के रांगामाटिया स्थित केंदुआ गांव निवासी सोपान सरदार की पत्नी प्रतिमा सरदार अपने तीन छोटे बच्चों के साथ मुर्गी बेचने पहुंची थी। हाट में भीड़ अधिक होने के कारण प्रतिमा ने अपने 4 माह के बेटे इंद्रदेव सरदार को अपनी 6 वर्षीय बेटी ममता सरदार की गोद में दे दिया। भीड़ का फायदा उठाकर एक अज्ञात महिला बच्ची ममता को बातों में उलझाते हुए उसे 20 रुपये का नोट देकर खाने की चीज लाने भेज दिया और दुधमुंहे बच्चे को लेकर मौके से फरार हो गई। जब ममता लौटी तो न उसका भाई था और न ही वह महिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की लिखित शिकायत कोवाली थाना में दर्ज कराई गई।
