द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित मोनी बाबा मंदिर के समीप रविवार देर रात ब्लिंकिट कर्मचारियों और बस्तीवासियों के बीच जमकर बवाल हुआ। जानकारी के अनुसार, बस्ती के पास सड़क पर ब्लिंकिट की डिलेवरी बाइक खड़ी करने के कारण जाम की स्थिति बनी हुई थी। जिसे देखते हुए सड़क पर खड़ी बाइक हटाने के लिए बोलने गये बस्ती के एक युवक की ब्लिंकिट में डिलेवरी का काम करने वाले युवकों के साथ झड़प हो गयी। इसपर ब्लिंकिट के लड़कों ने बस्ती के युवक पर रॉड से हमला कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद बस्तीवाले एकजुट हो गये और ब्लिंकिट के गोदाम पर धावा बोल दिया। इस दौरान दोनों ओर से जमकर पथराव भी हुआ। 
दूसरी ओर घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची सोनारी थाना की पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण करने का काफी प्रयास किया। लेकिन, माहौल को बिगड़ता देख पुलिस को क्यूआरटी टीम बुलानी पड़ी। इसके बाद स्थिति को तनावपूर्ण देखते हुए क्यूआरटी टीम ने मोर्चा संभाला और हल्का बल प्रयोग करते हुए भीड़ को खदेड़ने का कार्य किया। खबर लिखे जाने तक स्थिति पर काबू पा लिया गया है। फिलहाल क्यूआरटी की टीम क्षेत्र को अपने नियंत्रण में लिए हुई है।