logo

मछूवारे के बच्चों ने मजदूरी करके पढ़ाई की, एक साथ दोनों भाई-बहन बने सरकारी टीचर

dono1.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को 3469 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपा। इस दौरान शिक्षकों की खुशी देखते ही बन रही थी। उन्हीं शिक्षकों में दो ऐसे भी नवनियुक्त शिक्षक थे जिन्होंने मजदूरी करते हुए यह मुकाम पाया। नाम है  दुर्गा चरण मछुवा और ललिता कुमारी। दुर्गा और ललिता भाई - बहन हैं। ये दोनों बुंडू के रहने वाले हैं। दोनों एक ही दिन सरकारी शिक्षक बनें हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर दोनों की आंखे छलक उठी। दोनों कल बेहद भावुक नजर आए। दोनों ने जिस मुश्किल परिस्थिति को पार करके इस सफलता को हासिल की है वह वाकई कबिले तारीफ है। दोनों के मेहनत की जितनी तारीफ की जाये कम है।


ब्याज पर पैसा लेकर पढ़ाई की 
दरअसल दोनों भाई बहन बेहद ही गरीब मछुवारा परिवार से ताल्लुक रखते हैं। दुर्गा चरण और ललिता मछुवा की मां सड़क किनारे सुखी मछली बेचती है। पिता दिन भर तालाब में मछली मारते हैं। आर्थिक तंगी होने के बावजूद दोनों भाई - बहन ने कभी भी पढ़ाई से दूरी नहीं बनाई। उन्हें पता था कि शिक्षा ही एक ऐसा हथियार है जिससे वह एक दिन अपने और परिवार की किस्मत बदल सकते हैं। ग्रेजुएशन करने के बाद ब्याज पर पैसा लेकर दोनों भाई - बहन ने बीएड में एडमिशन लिया। 2013 में बीएड पास करने के बाद भी कहीं कोई नौकरी नहीं लगी तो दुर्गा चरण ने सालों तक दिहाड़ी  मजदूरी करके सूद का पैसा लौटाया। आज सरकारी शिक्षक बनने के बाद दोनों भाई बहन की आंखे डबडबा गई है. मेरे सवाल पूछने के बाद भी जवाब जुबान से ज्यादा आंखों के निकल रहे हैं। बता दें कि दुर्गा सोरेन इकोनोमिक्स के टीचर बने हैं वहीं, ललिता हिस्ट्री और सिविक्स विषय पढ़ाएंगी। 

रांची और पूर्वी सिंहभूम को मिले सर्वाधिक शिक्षक

जिलावार शिक्षकों की जरूरतों को देखते हुए सरकार उन्हें प्रस्थापित करने जा रही है। जिसके अंतर्गत विभिन्न विषयों यथा इतिहास एवं नागरिक शास्त्र में 779, संस्कृत में 398, भूगोल में 341, हिन्दी में 337, अर्थशास्त्र में 260, गणित एवं भौतिकी में 268, अंग्रेजी में 249, जीव एवं रसायन विज्ञान में 232, शारीरिक शिक्षा में 184, वाणिज्य में 118, संगीत में 97, उर्दू में 27, गृह विज्ञान में 50, संथाली में 42, बांग्ला में 29, कुड़ुख में 28, नागपुरी में 11, मुंडारी में 11, कुरमाली 04, उड़िया में 02, पंचपरगनिया में 01 तथा हो विषय में 01 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित होगा। रांची में सर्वाधिक 279, पूर्वी सिंहभूम में 263, धनबाद 240, सरायकेला - खरसावां में 230, गोड्डा में 228, पश्चिमी सिंहभूम में 200 समेत कुल 3, 469 शिक्षकों को राज्य भर के स्कूलों में पदास्थापित किया गया है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT